पुरानी दिल्ली के चांदनी चौक, खारी बावली, नया बाजार और पीली कोठी समेत कई इलाकों में अतिक्रमण हटाने के बाद दोबारा कब्जे होने की शिकायतों के बीच गुरुवार को सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उनके साथ निगम पार्षद सुमन कुमार गुप्ता और चांदनी चौक नागरिक मंच के महासचिव प्रवीण शंकर कपूर भी मौजूद रहे। सांसद ने एमसीडी उपायुक्त कनिका नागपाल और पुलिस अधिकारियों के साथ रानी अवंतिकाबाई चौक, पुल मिठाई, नया बाजार, लाहौरी गेट और खारी बावली का दौरा किया। दरअसल, 20 नवंबर को इंद्रप्रस्थ विरासत पुनर्विकास निगम की बैठक में सांसद ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के सामने चांदनी चौक और पुरानी दिल्ली के अन्य इलाकों में अतिक्रमण की समस्या उठाई थी। मुख्यमंत्री ने 72 घंटे में कार्रवाई कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए थे। इसके बाद एमसीडी और पुलिस ने 48 घंटे तक अभियान चलाकर पुल मिठाई और खारी बावली से स्थायी अवैध कब्जे हटाए थे। खंडेलवाल ने आरोप लगाया कि अतिक्रमण हटने के बाद कुछ लोग फर्जी वीडियो के जरिए दोबारा कब्जे होने का भ्रम फैला रहे हैं। उन्होंने मौके पर स्थिति दिखाते हुए निगम और पुलिस की कार्रवाई की सराहना की। सांसद ने कहा कि सैकड़ों अवैध कब्जे हटने से यातायात व्यवस्था में सुधार हुआ है। साथ ही पुल मिठाई और खारी बावली में जेबतराशी व बैग छीनने जैसी घटनाओं पर भी अंकुश लगा है। प्रवीण शंकर कपूर ने कहा कि अब दोबारा अतिक्रमण नहीं होने दिया जाएगा। इसे रोकने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।