ईरानी सिंगर ने बिना हिजाब गाना गाया, 74 कोड़े पड़े:साथियों को भी सजा मिली; 2 साल तक गाने और विदेश जाने पर रोक

Wait 5 sec.

ईरान की सिंगर और उनके साथियों को सोमवार को 74-74 कोड़े मारे गए। जून 2026 में कुम शहर की क्रिमिनल कोर्ट ने उन्हें यह सजा सुनाई गई थी। कोर्ट ने आर्टिस्ट पर अश्लील कंटेट पब्लिश करने और सार्वजनिक शालीनता का उल्लंघन करने का आरोप लगाया है। कोर्ट ने सभी पर 2 साल तक देश छोड़ने और किसी भी आर्टिस्टिक एक्टिविटीज पर रोक लगाई गई है। यह मामला दिसंबर 2024 का है। उस समय 29 साल की परस्तू अहमदी ने बिना हिजाब पहने यूट्यूब पर एक लाइव कॉन्सर्ट किया था। उन्होंने ईरान का लोकप्रिय देशभक्ति गीत 'अज खूने जवानाने वतन' (मातृभूमि के युवाओं के खून से) गाया था। इस दौरान वह बिना हिजाब और स्लीवलेस ड्रेस में थीं। कॉन्सर्ट का वीडियो कुछ ही समय में वायरल हो गया। इस वीडियो को यूट्यूब पर 10 लाख से ज्यादा बार देखा गया। गाने में 4 पुरुषों के साथ स्लीवलेस ड्रेस में दिखीं परस्तू अहमदी के इस 27 मिनट के वीडियो में वह स्लीवलेस ड्रेस पहनकर चार पुरुष संगीतकारों के साथ गाना गाती नजर आ रही थीं। वीडियो के कैप्शन में उन्होंने इसे काल्पनिक कॉन्सर्ट बताया था। परस्तू के इस वीडियो को कई लोगों ने महिलाओं की अभिव्यक्ति की आजादी का प्रतीक बताया। ईरानी अधिकारियों ने इसे कानून के खिलाफ माना। ईरान में महिलाओं के लिए सार्वजनिक जगहों पर हिजाब पहनना अनिवार्य है। अधिकारियों ने बिना हिजाब पहनकर गाने को नियमों का उल्लंघन माना। अक्टूबर में एमनेस्टी इंटरनेशनल ने अपील के बाद भी सजा बरकरार रखे जाने का विरोध किया था। संगठन ने ईरान के अधिकारियों से कोड़े मारने की सजा लागू नहीं करने की मांग की थी। पब्लिक में अकेले गाना नहीं गा सकती ईरानी महिलाएं ईरान में महिलाओं पर कई सामाजिक प्रतिबंध हैं। कानून के अनुसार वे सार्वजनिक जगह पर अकेले गाना नहीं गा सकतीं और बिना हिजाब लोगों के सामने नहीं आ सकतीं। उन्हें सादे कपड़े पहनने का नियम भी मानना पड़ता है। परस्तू अहमदी ने इन नियमों का खुलकर विरोध किया। वे पहली बार 2022 में हिजाब विरोधी प्रदर्शनों के दौरान चर्चा में आई थीं। उन पर इन प्रदर्शनों के समर्थन में गाना गाने का आरोप लगा था। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने उनसे पूछताछ की और उनके घर की तलाशी भी ली थी। ईरान में हिजाब को लेकर लंबे समय से विवाद ईरान में 1979 की इस्लामी क्रांति के बाद से महिलाओं के लिए हिजाब पहनना कानूनी रूप से जरूरी है। कई महिलाएं इन नियमों का विरोध करती रही हैं। यह मुद्दा 2022 में पूरी दुनिया में चर्चा का विषय बन गया था, जब 22 साल की महसा अमिनी को तेहरान में हिजाब सही तरीके से न पहनने के आरोप में हिरासत में लिया गया था। गिरफ्तारी के तीन दिन बाद उनकी मौत हो गई थी। ईरानी सरकार ने कहा था कि उनकी मौत पहले से मौजूद स्वास्थ्य समस्याओं के कारण हुई। मानवाधिकार संगठनों और संयुक्त राष्ट्र की जांच टीम ने इस दावे पर सवाल उठाए। संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट में कहा गया था कि अमीनी की मौत ईरानी अधिकारियों की पिटाई के कारण हुई। महसा अमीनी की मौत के बाद पूरे ईरान में बड़े पैमाने पर प्रदर्शन हुए। हजारों महिलाएं सड़कों पर उतरीं और हिजाब कानूनों के खिलाफ आवाज उठाई। सरकार ने इन प्रदर्शनों को सख्ती से दबाया।