अमेरिकी खुफिया एजेंसियों CIA-ODNI के सिस्टम पर साइबर अटैक:हैकर सोशल मीडिया, सैटेलाइट इमेज और सार्वजनिक डेटाबेस तक पहुंचा; US साइबर हमलों में टॉप पर

Wait 5 sec.

अमेरिका की खुफिया एजेंसियों CIA और ODNI के कंप्यूटर सिस्टम पर बुधवार को साइबर अटैक हुआ है। हैकर्स ने सार्वजनिक स्रोतों से खुफिया जानकारी जुटाने और उसका एनालिसिस करने वाले सिस्टम में सेंध लगाई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस सिस्टम में सोशल मीडिया, इंटरनेट, सैटेलाइट तस्वीरों और निजी डेटा कंपनियों से मिलने वाली जानकारियों का एनालिसिस किया जाता है। फिलहाल हमले के पीछे किसका हाथ था और कितना डेटा प्रभावित हुआ, इसकी जानकारी नहीं मिली है। अधिकारियों के मुताबिक, सिस्टम की गड़बड़ी ठीक कर दी गई है और कोई गोपनीय जानकारी प्रभावित नहीं हुई है। पिछले हफ्ते NSA और FBI के सिस्टम पर साइबर अटैक हुए थे। दुनिया के टॉप-7 साइबर हमलों से प्रभावित देशों में अमेरिका पहले स्थान पर है। यह घटना ऐसे समय हुई है, जब पिछले हफ्ते नेशनल सिक्योरिटी एजेंसी (NSA) का गोपनीय नेटवर्क भी कुछ समय के लिए बंद हो गया था। वहीं, FBI के राष्ट्रीय अपराध सूचना डेटाबेस में सेंधमारी की जांच चल रही है। हालांकि, ट्रम्प प्रशासन ने इन घटनाओं के पीछे किसी एक संगठित साइबर हमले की आशंका से इनकार किया है। राष्ट्रीय खुफिया निदेशक के मुताबिक, हैकर अब AI की मदद से सॉफ्टवेयर की कमजोरियां तेजी से खोज रहे हैं। इससे निपटने के लिए सरकारी सिस्टम को लगातार अपडेट और सुरक्षा पैच की जरूरत पड़ रही है। सबसे पहले क्या हुआ, कौन-कौन से सिस्टम ठप हुए? अमेरिका में 12 से 17 नवंबर के बीच कई सरकारी एजेंसियों और कंपनियों के सिस्टम में गड़बड़ियां आईं। इससे बैंकिंग, विमानन, होटल बुकिंग और ऑनलाइन सेवाएं प्रभावित हुईं। 12 नवंबर- माइक्रोसॉफ्ट: आउटलुक, टीम्स और कोपायलट ठप हुए। ईमेल और दफ्तरों का काम प्रभावित रहा। गड़बड़ी 14 नवंबर तक चली। 13 नवंबर- अमेरिकी विमानन प्रशासन (FAA): नेटवर्क और राउटर में खराबी से 4 घंटे से ज्यादा उड़ानें रोकी गईं। हजारों फ्लाइट्स कैंसिल। 16 नवंबर- जेपी मॉर्गन चेस: ऑनलाइन बैंकिंग और पैसे ट्रांसफर करने वाली सर्विस पर असर पड़ा। 16 नवंबर- यूनाइटेड एयरलाइंस: सिस्टम 90 मिनट से ज्यादा ठप रहा। करीब 150 उड़ानों में देरी हुई। 17 नवंबर- NSA: खुफिया एजेंसी का गोपनीय नेटवर्क एनएसएनेट ठप हुआ। कर्मचारियों को अलग-अलग समय पर कार्यालय बुलाना पड़ा। एपल: एपल म्यूजिक, ऐप स्टोर, एपलकेयर, आईक्लाउड और एपल पे में गड़बड़ी आई। मैरियट होटल: वेबसाइट और ऐप ठप होने से होटल बुकिंग और चेक-इन पर असर। दुनिया के टॉप-7 साइबर अटैक प्रभावित देशों में भारत भी शामिल माइक्रोसॉफ्ट की डिजिटल डिफेंस रिपोर्ट 2026 के मुताबिक, दुनिया के टॉप-7 साइबर अटैक प्रभावित देशों में अमेरिका टॉप पर है। वहीं, भारत सातवें नंबर पर है। दुनिया भर में ट्रैक किए गए साइबर खतरों में भारत की हिस्सेदारी 2.5% रही। ट्रेंड बदला… 3 तरीकों से हो रहे ज्यादा साइबर हमले 1. क्यूआर कोड: ईमेल या पीडीएफ में क्यूआर कोड भेजा जाता है। यूजर इसे स्कैन करते ही साइबर हमले का शिकार हो सकता है। एक साल में माइक्रोसॉफ्ट ने 14.5 करोड़ क्यूआर फिशिंग हमले पकड़े। 2. फेक कैप्चा: वेबसाइट पर ‘मैं रोबोट नहीं हूं’ या फर्जी एरर/अपडेट का मैसेज दिखाकर यूजर से एक कमांड कॉपी-पेस्ट करवाई जाती है। 11 लाख डिवाइस पर ऐसी गतिविधि मिली। 3. बॉस या एचआर बनकर हमला: हमलावर अब केवल बैंक या कंपनी की कॉपी नहीं करते, बल्कि कर्मचारी के बॉस, एचआर, पेरोल टीम, वेंडर या बिजनेस पार्टनर की पहचान बनाकर हमला करते हैं। अप्रैल-जून 2026 में रिपोर्ट किए गए 85% फिशिंग ईमेल में किसी की पहचान की कॉपी की गई थी।