अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने नॉर्थ कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन को फोन किया लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। द वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक, इसके बाद उन्होंने कोरिया के राजनयिक के जरिए चिट्ठी पहुंचाने की भी कोशिश की। लेकिन वो भी लौटा दी गई। दरअसल, ट्रम्प को उम्मीद थी कि हालिया चीन दौरे के दौरान उनकी किम से मुलाकात हो सकती है। लेकिन दोनों देशों के बीच बात नहीं बनी। रिपोर्ट के मुताबिक किम ने बातचीत के लिए ऐसी शर्तें रखीं, जिन्हें अमेरिका मानने को तैयार नहीं था। कोई तरीका नहीं मिला तो, UN के बाहर राजनयिक को चिट्ठी सौंपी ट्रम्प ने पिछले साल पुराने संपर्क माध्यमों के जरिए किम से बात करने की कोशिश की थी। इनमें फोन लाइन के जरिए संपर्क करना भी शामिल था, लेकिन नॉर्थ कोरिया की ओर से कोई जवाब नहीं आया। इसके बाद ट्रम्प ने किम को एक चिट्ठी लिखी। अमेरिकी अधिकारियों को यह चिट्ठी पहुंचाने में भी परेशानी हुई। आखिरकार व्हाइट हाउस के अधिकारियों ने इसे पहुंचाने के लिए एक अलग तरीका अपनाया। अधिकारियों का एक समूह न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र (UN) में नॉर्थ कोरिया के स्थायी मिशन के बाहर इंतजार करने लगा। वहां से गुजर रहे एक राजनयिक को उन्होंने चिट्ठी सौंप दी। इसके बाद UN की एक बैठक में उस राजनयिक ने बिना चिट्ठी खोले उसे अमेरिकी प्रतिनिधि को लौटा दिया। ट्रम्प ने बातचीत के लिए कई प्रस्ताव रखे थे ट्रम्प प्रशासन ने अपनी हालिया एशिया यात्रा के दौरान किम जोंग उन से मुलाकात कराने के लिए कई प्रस्तावों पर विचार किया था। इनमें कोरियाई युद्ध को औपचारिक रूप से खत्म करने का प्रस्ताव भी शामिल था। यह युद्ध 70 साल से ज्यादा पहले हुआ था और 1953 में युद्धविराम के साथ रुका था। दोनों देशों के बीच आज तक औपचारिक शांति समझौता नहीं हुआ है। इसके अलावा, अमेरिका एक ऐसा बयान जारी करने पर भी विचार कर रहा था जिसमें न तो नॉर्थ कोरिया को औपचारिक रूप से परमाणु हथियारों वाला देश माना जाता और न ही उसके परमाणु कार्यक्रम को पूरी तरह खत्म करने की मांग की जाती। बदले में अमेरिका नॉर्थ कोरिया के परमाणु और मिसाइल परीक्षणों पर रोक लगाने की मांग कर सकता था। दोनों देशों के बीच संपर्क कार्यालय खोलने पर भी विचार किया गया था। 1994 से नॉर्थ कोरिया को परमाणु हथियार छोड़ने के लिए मना रहा अमेरिका अमेरिका कई बार नॉर्थ कोरिया को परमाणु कार्यक्रम छोड़ने के लिए मनाने की कोशिश कर चुका है। 1994 में दोनों देशों के बीच समझौता हुआ था। इसके तहत नॉर्थ कोरिया को प्लूटोनियम बनाने का काम रोकना था। बदले में अमेरिका ने आर्थिक मदद, प्रतिबंधों में राहत और दो परमाणु रिएक्टर देने का वादा किया था। लेकिन 2000 के शुरुआती सालों में यह समझौता टूट गया। अमेरिका को पता चला कि नॉर्थ कोरिया चोरी-छिपे यूरेनियम से परमाणु हथियार बना रहा है। इसके बाद अमेरिका ने नॉर्थ कोरिया से पूरा परमाणु कार्यक्रम खत्म करने की मांग शुरू कर दी। ट्रम्प ने पहले नॉर्थ कोरिया के खिलाफ सख्त रुख अपनाया था ट्रम्प ने अपने पहले कार्यकाल की शुरुआत में नॉर्थ कोरिया के खिलाफ सख्त रुख अपनाया था। उन्होंने उस पर और कड़े प्रतिबंध लगाने की धमकी दी थी। साथ ही उसे 'आग और तबाही' की चेतावनी भी दी थी। जनवरी 2017 में किम जोंग उन ने कहा था कि नॉर्थ कोरिया ऐसी पहली अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल का परीक्षण करने की तैयारी कर रहा है, जिसकी पहुंच अमेरिका तक होगी। इस पर ट्रम्प ने सोशल मीडिया पर लिखा था, 'ऐसा नहीं होगा।' हालांकि, नॉर्थ कोरिया ने उसी साल मिसाइल का परीक्षण कर दिया। कई महीनों तक दोनों देशों के बीच तनाव और बयानबाजी चलती रही। इसके बाद जून 2018 में ट्रम्प और किम सिंगापुर में मिले। किसी मौजूदा अमेरिकी राष्ट्रपति और नॉर्थ कोरिया के नेता के बीच यह पहली मुलाकात थी। नॉर्थ कोरिया अब अमेरिकी शर्तों पर बातचीत के लिए तैयार नहीं द वॉल स्ट्रीट जर्नल के मुताबिक, अमेरिका अब नॉर्थ कोरिया के मुद्दे पर पहले जितना सख्त नहीं रहा है। पूर्व अमेरिकी अधिकारी विक्टर डी. चा का मानना है कि अब परमाणु हथियार खत्म कराने के बजाय उन पर रोक लगाने के लिए बातचीत होनी चाहिए। उनके मुताबिक, ट्रम्प प्रशासन के सामने अब ऐसे नॉर्थ कोरिया से निपटने की चुनौती है, जो अपनी परमाणु ताकत बढ़ा चुका है और अमेरिका की शर्तों पर बातचीत के लिए तैयार नहीं है। ------------------------------------ यह खबर भी पढ़ें… ट्रम्प-जिनपिंग और पुतिन की पहली बार एक साथ मीटिंग: जिनपिंग बोले- परमाणु हथियार इंसान के सिर पर लटकती तलवार, इन्हें खत्म करें अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प, चीनी राष्ट्रपति जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने चीन के शेनझेन शहर में ऐतिहासिक बैठक की। यह पहली बार हुआ जब तीनों नेताओं ने एक साथ त्रिपक्षीय बैठक की। पूरी खबर पढ़ें…