दिल्ली के तिलक नगर में स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा साहिबपुरा में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी के मामले में श्री अकाल तख्त साहिब ने सख्त कार्रवाई की है। मामले में दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के दो सदस्यों सहित गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के 5 सदस्यों पर कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं। श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज ने दिल्ली गुरुद्वारा कमेटी के सदस्य रमिंदर सिंह और बीबी रणजीत कौर पर 5 सिंह साहिबानों की ओर से अंतिम फैसला आने तक धार्मिक और पंथक गतिविधियों में शामिल होने पर रोक लगा दी है। 5 प्रबंधकों को किया अयोग्य करार वहीं, गुरुद्वारा साहिब की 5 सदस्यीय प्रबंधक कमेटी के सदस्य प्रेम सिंह, मनमोहन सिंह, सरूप सिंह, हरबीर सिंह और सुखदेव सिंह को प्रबंधन संभालने के लिए अयोग्य करार दिया गया है। आदेश के मुताबिक, ये पांचों आगे से गुरुद्वारा साहिब में किसी भी पद पर सेवा नहीं कर सकेंगे। शिकायतकर्ता और प्रबंधकों का पक्ष सुन जारी किए आदेश इस मामले में संबंधित सभी लोगों को श्री अकाल तख्त साहिब के सचिवालय में अपना पक्ष रखने के लिए बुलाया गया था। यहां जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज ने शिकायतकर्ता और प्रबंधकों की बात सुनी, उनका स्पष्टीकरण लिया और मामले से जुड़े तथ्यों की गहन जांच की। जांच के दौरान संबंधित लोगों की गंभीर लापरवाही और गलतियां सामने आने के बाद ये आदेश जारी किए गए। नई अमृतधारी कमेटी बनाने के लिए जांच कमेटी गठित मामले की पूरी जांच और गुरुद्वारा साहिब में नई अमृतधारी प्रबंधक कमेटी बनाने के लिए 2 सदस्यीय जांच कमेटी गठित की गई है। इसमें एसजीपीसी की धर्म प्रचार कमेटी के सचिव भगवंत सिंह धंगेरा और धार्मिक जांच के इंचार्ज भोला सिंह शामिल हैं। कमेटी को 2 दिसंबर 2026 तक अपनी रिपोर्ट सौंपनी होगी। रिपोर्ट के साथ 15 से 17 नवंबर तक की सीसीटीवी फुटेज भी जमा करवाने के आदेश दिए गए हैं।