Can Blood Test Detect COPD: क्या सिर्फ ब्लड टेस्ट से यह पता लगाया जा सकता है कि आपके फेफड़े ठीक से काम नहीं कर रहे हैं? यह सवाल खासकर उन लोगों के लिए जरूरी है, जिन्हें लंबे समय से खांसी, बलगम या सांस फूलने की शिकायत रहती है. कई लोग ऐसी परेशानी को उम्र, सर्दी या प्रदूषण का असर मानकर टाल देते हैं. यही वजह है कि क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज यानी सीओपीडी का पता कई बार काफी देर से चलता है.भारत में सीओपीडी फेफड़ों से जुड़ी आम लेकिन कम पहचानी जाने वाली बीमारी है. ग्लोबल बर्डन ऑफ डिजीज स्टडी के आंकड़ों के मुताबिक, भारत में सीओपीडी के मामले 1990 में करीब 2.81 करोड़ से बढ़कर 2016 में 5.53 करोड़ हो गए. इस बीमारी के जोखिम में वायु प्रदूषण की भी बड़ी भूमिका है. ऐसे में लंबे समय तक प्रदूषित हवा में रहना फेफड़ों के लिए चिंता की बात हो सकती है.क्या ब्लड टेस्ट से सीओपीडी का पता चलता है?डॉ. श्रुति मेहता नाहर, कंसल्टेंट पैथोलॉजिस्ट, मेट्रोपोलिस के मुताबिक, के अनुसार, इसका सीधा जवाब है नहीं. कोई भी ब्लड टेस्ट अकेले सीओपीडी की पुष्टि नहीं करता. इसके लिए सबसे अहम जांच स्पाइरोमेट्री है. यह एक आसान और बिना दर्द वाली ब्रीदिंग टेस्ट है, जिसमें देखा जाता है कि व्यक्ति कितनी हवा फेफड़ों से बाहर निकाल सकता है और कितनी तेजी से निकाल सकता है.हालांकि इसका मतलब यह नहीं है कि ब्लड टेस्ट बेकार हैं. ये डॉक्टर को कई जरूरी संकेत दे सकते हैं. इन जांचों से सांस फूलने की दूसरी वजहों का पता लगाने और इलाज तय करने में मदद मिल सकती है.सीबीसी टेस्ट से मिल सकती है अहम जानकारीकंप्लीट ब्लड काउंट यानी सीबीसी के जरिए हीमोग्लोबिन और दूसरे ब्लड सेल्स की जानकारी मिलती है. अगर शरीर लंबे समय तक कम ऑक्सीजन की स्थिति में रहता है, तो कुछ मामलों में रेड ब्लड सेल्स और हीमोग्लोबिन का स्तर बढ़ सकता है. दूसरी तरफ, एनीमिया भी सांस फूलने की वजह बन सकता है और कई बार इसे फेफड़ों की समस्या समझ लिया जाता है. सीबीसी में ईोसिनोफिल का स्तर भी देखा जा सकता है. इससे डॉक्टर को यह समझने में मदद मिल सकती है कि इनहेल्ड स्टेरॉयड से मरीज को फायदा मिलने की संभावना है या नहीं.अल्फा-1 एंटीट्रिप्सिन टेस्ट क्यों किया जाता है?कुछ लोगों में अल्फा-1 एंटीट्रिप्सिन की कमी जन्मजात होती है. यह स्थिति कम उम्र में भी फेफड़ों को नुकसान पहुंचा सकती है, यहां तक कि उन लोगों में भी जिन्होंने कभी स्मोकिंग नहीं की हो. इसी वजह से सीओपीडी की पुष्टि होने पर इस कमी की जांच कम से कम एक बार करने की सलाह दी जाती है. हालांकि भारत में यह समस्या यूरोप की तुलना में कम पाई जाती है. डॉक्टर खासकर कम उम्र में सीओपीडी के लक्षण दिखने या परिवार में फेफड़ों की बीमारी का इतिहास होने पर यह टेस्ट कराने की सलाह दे सकते हैं.गंभीर स्थिति में आर्टेरियल ब्लड गैस टेस्टआर्टेरियल ब्लड गैस यानी एबीजी टेस्ट आमतौर पर अस्पताल में किया जाता है. इससे ब्लड में ऑक्सीजन, कार्बन डाइऑक्साइड और एसिडिटी का स्तर पता चलता है. गंभीर सांस की परेशानी वाले मरीजों में यह तय करने में मदद मिल सकती है कि ऑक्सीजन सपोर्ट की जरूरत है या नहीं. सांस फूलने की वजह सिर्फ फेफड़े ही नहीं होते. कुछ मामलों में दिल की बीमारी भी इसकी वजह हो सकती है. एनटी-प्रोबीएनपी जैसे हार्ट मार्कर यह समझने में मदद कर सकते हैं कि कहीं हार्ट फेलियर सांस फूलने की समस्या में योगदान तो नहीं दे रहा.हर खांसी सीओपीडी नहीं होतीलंबे समय तक रहने वाली खांसी के पीछे कई वजहें हो सकती हैं. टीबी की जांच के लिए मुख्य रूप से बलगम की जांच और चेस्ट इमेजिंग की जाती है. वहीं अस्थमा के लक्षण कई बार सीओपीडी से मिलते-जुलते हो सकते हैं. कुछ नए बायोमार्कर्स पर भी रिसर्च चल रही है, जिनसे फेफड़ों को होने वाले नुकसान का पहले पता लगाने या बीमारी के बिगड़ने का अंदाजा लगाने की कोशिश की जा रही है. लेकिन अभी ये जांच मुख्य रूप से रिसर्च तक सीमित हैं. इसलिए ब्लड रिपोर्ट सामान्य आने का मतलब यह नहीं है कि फेफड़े पूरी तरह स्वस्थ हैं.प्रदूषण भी फेफड़ों के लिए बड़ा खतराब्लड टेस्ट यह नहीं बता सकता कि किसी व्यक्ति के फेफड़ों ने सालों तक कितना प्रदूषण झेला है. भारत में यह जोखिम खास तौर पर महत्वपूर्ण है. पीएम2.5 जैसे बेहद छोटे कण सांस के साथ फेफड़ों की गहराई तक पहुंच सकते हैं और शरीर में सूजन बढ़ा सकते हैं. सीओपीडी का जोखिम सिर्फ सिगरेट पीने वालों तक सीमित नहीं है. चूल्हे और बायोमास ईंधन का धुआं, बीड़ी और दूसरे तंबाकू उत्पाद, निर्माण, टेक्सटाइल, खनन और खेती से जुड़ी धूल और पहले हुई टीबी से फेफड़ों को पहुंचा नुकसान भी जोखिम बढ़ा सकता है.इसे भी पढ़ें: 7 दिन में गोरा बनाने का दावा कितना खतरनाक? क्रीम खरीदते समय रखें ध्यानइन लक्षणों को नजरअंदाज न करेंअगर सीढ़ियां चढ़ने या सामान उठाने पर सांस फूलने लगे, कई हफ्तों या महीनों से खांसी हो, लगातार बलगम आए, सांस लेते समय घरघराहट हो या सीने में जकड़न महसूस हो, तो इसे सामान्य समस्या मानकर न छोड़ें. हर सर्दी में लक्षण बढ़ना या बार-बार चेस्ट इंफेक्शन होना भी ध्यान देने वाली बात है. 40 साल से ज्यादा उम्र के लोगों को खास तौर पर जांच के बारे में डॉक्टर से बात करनी चाहिए, अगर उन्हें लंबे समय से खांसी, बलगम या सांस फूलने की समस्या है. स्मोकिंग, बीड़ी, लंबे समय तक रसोई के धुएं, प्रदूषण या काम की जगह पर धूल के संपर्क में रहने वालों को भी सावधान रहना चाहिए. पहले टीबी हो चुकी है या बार-बार चेस्ट इंफेक्शन होता है, तो भी डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर है.इसे भी पढ़ें: आम लोगों के लिए कितना महंगा हुआ इलाज कराना, किस राज्य में सबसे ज्यादा खर्च?Disclaimer: यह जानकारी रिसर्च स्टडीज और विशेषज्ञों की राय पर आधारित है. इसे मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें. किसी भी नई गतिविधि या व्यायाम को अपनाने से पहले अपने डॉक्टर या संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें