Medicine Cost Burden In India: देश में इलाज कराना आम लोगों की जेब पर कितना भारी पड़ रहा है, इसका अंदाजा नेशनल हेल्थ अकाउंट्स (NHA) 2023-24 के आंकड़ों और कैग की रिपोर्ट से लगाया जा सकता है. अस्पताल में इलाज से लेकर दवाइयां खरीदने और जांच कराने तक, लोगों को अपनी जेब से बड़ी रकम खर्च करनी पड़ रही है. रिपोर्ट के आंकड़ों के मुताबिक, 21 प्रमुख राज्यों में से 10 राज्यों में इलाज के कुल खर्च का 40 फीसदी से लेकर 67.1 फीसदी तक हिस्सा परिवारों को खुद उठाना पड़ रहा है. यानी सरकारी मदद और दूसरी योजनाओं के बावजूद इलाज के खर्च का बड़ा हिस्सा लोगों की जेब से ही जा रहा है.इलाज का खर्च सिर्फ अस्पताल तक सीमित नहीं है. दवाइयों और जांच पर होने वाला खर्च भी लोगों के लिए बड़ी चिंता बना हुआ है. मेडिकल स्टोर से खरीदी गई दवाइयों के खर्च का 99.93 फीसदी हिस्सा लोगों ने खुद उठाया. वहीं निजी डायग्नोस्टिक सेंटरों में होने वाली जांच के खर्च का 96.4 फीसदी भुगतान भी लोगों की जेब से हुआ.दवाइयों पर सरकार की मदद कितनी?रिपोर्ट में दिए गए आंकड़ों के मुताबिक, साल 2023-24 में देशभर में करीब 1,72,459 करोड़ रुपये की दवाइयां खरीदी गईं. इसमें से 1,72,349 करोड़ रुपये का खर्च परिवारों ने खुद उठाया. सरकारी योजनाओं की हिस्सेदारी सिर्फ 110 करोड़ रुपये रही. यानी दवाइयों पर होने वाले कुल खर्च में लोगों की जेब से जाने वाली रकम बहुत ज्यादा है. परिवारों के लिए यह खर्च इसलिए भी बड़ा है क्योंकि बीमारी के दौरान दवाइयों का खर्च कई बार लगातार चलता रहता है.निजी जांच के लिए भी खुद करना पड़ रहा भुगतानइलाज के दौरान डॉक्टर की फीस या दवाइयों के अलावा जांच का खर्च भी कम नहीं है. आंकड़ों के अनुसार, निजी लैब में होने वाली जांच पर कुल 29,289 करोड़ रुपये खर्च हुए. इसमें से 28,243 करोड़ रुपये का भुगतान लोगों ने अपनी जेब से किया. इससे साफ है कि निजी डायग्नोस्टिक सेंटरों में जांच कराने वाले लोगों पर भी खर्च का बड़ा बोझ बना हुआ है. अगर किसी मरीज को इलाज के साथ कई तरह की जांच की जरूरत पड़ती है तो कुल खर्च और बढ़ जाता है.देश का कुल हेल्थ खर्च कितना रहा?आंकड़ों के मुताबिक, देश का कुल स्वास्थ्य खर्च 8.37 लाख करोड़ रुपये रहा. इसमें सरकारी इंश्योरेंस योजनाओं की हिस्सेदारी 3.99 फीसदी यानी 33,385 करोड़ रुपये थी. सरकार की ओर से स्वास्थ्य पर खर्च बढ़ाने का लक्ष्य भी रखा गया है. सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र पर GDP का 2.5 फीसदी खर्च करने का लक्ष्य रखती है, लेकिन वास्तविक खर्च इससे कम बताया गया है. दूसरी तरफ आम परिवार इलाज, दवाइयों और जांच पर अपनी बचत का बड़ा हिस्सा खर्च कर रहे हैं.स्वास्थ्य सेस का पैसा भी पूरा इस्तेमाल नहीं हुआरिपोर्ट में स्वास्थ्य से जुड़े बजट और सेस को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं. साल 2018 से 2024 के बीच स्वास्थ्य सेस के नाम पर जुटाए गए 43 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम स्वास्थ्य से जुड़े खर्च के लिए तय खाते में ट्रांसफर नहीं की गई. एक अन्य आंकड़े के मुताबिक, 2019-20 से 2023-24 के बीच स्वास्थ्य मंत्रालय अपने आवंटित बजट में से 1,32,749 करोड़ रुपये खर्च नहीं कर पाया. यह रकम सरकारी खजाने में वापस चली गई. रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि स्वास्थ्य सेस से जुटाई गई रकम 43,426 करोड़ रुपये थी, जिसे तय खाते में ट्रांसफर नहीं किया गया. यह राशि केंद्र के नए अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों पर एक साल में हुए 41,914 करोड़ रुपये के कुल खर्च से भी ज्यादा है.इसे भी पढ़ें : Fairness Cream: गोरा करने वाली क्रीम कहीं किडनी खराब तो नहीं कर रही? केरल में सामने आया मामला किस राज्य में लोगों की जेब पर ज्यादा बोझ?राज्यों की बात करें तो उत्तर प्रदेश में इलाज के कुल खर्च का 67.1 फीसदी हिस्सा लोगों की जेब से जाने का आंकड़ा दिया गया है. इसके बाद केरल में 65.2 फीसदी और पंजाब में 60.7 फीसदी है. बंगाल में यह हिस्सा 63 फीसदी और झारखंड में 58.7 फीसदी बताया गया है. आंध्र में 53.5 फीसदी, बिहार में 47 फीसदी, मध्य प्रदेश में 46.2 फीसदी, हिमाचल में 43.7 फीसदी और राजस्थान में 40.7 फीसदी इलाज खर्च लोगों को खुद उठाना पड़ रहा है. वहीं उत्तराखंड में यह आंकड़ा 26.7 फीसदी और गुजरात में 38 फीसदी है.इसे भी पढ़ें : Winter Constipation: ठंड में कब्ज की समस्या, कहीं ये आदतें जिम्मेदार तो नहीं?