शालीमार बाग में 8 एकड़ में बनेगा आधुनिक कौशल-विकास केंद्र:12वीं पास को आईटीआई तर्ज पर तकनीकी ट्रेनिंग, महिलाओं के बेकरी, ब्यूटी, फैशन व सिलाई कोर्स शुरू

Wait 5 sec.

दिल्ली सरकार युवाओं और महिलाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र में अत्याधुनिक कौशल विकास केंद्र बनाएगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि केंद्र में उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप आधुनिक तकनीक का प्रशिक्षण दिया जाएगा। खासतौर पर 12वीं पास युवाओं के लिए आईटीआई की तर्ज पर रोजगारपरक तकनीकी पाठ्यक्रम शुरू होंगे। वहीं, महिलाओं को बेकरी, ब्यूटी, फैशन डिजाइनिंग, सिलाई और हस्तशिल्प जैसे शॉर्ट टर्म कोर्स कराए जाएंगे। इसका उद्देश्य प्रशिक्षण को केवल प्रमाणपत्र तक सीमित रखने के बजाय रोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता से जोड़ना है। आठ एकड़ में बनेंगी लैब और स्मार्ट क्लासरूम मुख्यमंत्री के अनुसार, डेसू कॉलोनी के पास करीब आठ एकड़ में केंद्र का निर्माण दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम करेगा। यहां स्मार्ट क्लासरूम, 14 अत्याधुनिक लैब, लाइब्रेरी, लर्निंग रिसोर्स सेंटर और 250 लोगों की क्षमता वाला ऑडिटोरियम बनेगा। डिजिटल, आईटी, फैशन-टेक्सटाइल, ब्यूटी-वेलनेस, बेकरी, फूड प्रोसेसिंग और हेल्थकेयर से जुड़ी सुविधाएं होंगी। करीब दो एकड़ में हॉर्टिकल्चर प्रशिक्षण मैदान, हॉस्टल और स्पोर्ट्स सुविधाएं भी विकसित करने की योजना है। महिलाओं को उद्यम शुरू करने में मिलेगी मदद महिलाओं को बुटीक, ब्यूटी सैलून, बेकरी और टिफिन सेवा जैसे व्यवसाय शुरू करने के लिए प्रशिक्षण के साथ मेंटरशिप, बाजार से जुड़ाव और वित्तीय सहायता के अवसर उपलब्ध कराने की योजना है। कामकाजी माताओं के लिए 25-25 बच्चों की क्षमता वाली दो क्रैच यूनिट भी बनेंगी। डिजिटल और एआई का भी प्रशिक्षण केंद्र का अकादमिक व तकनीकी संचालन डॉ. बीआर अंबेडकर विश्वविद्यालय के कौशल विकास केंद्र के माध्यम से होगा। पाठ्यक्रम एनएसक्यूएफ और पीएमकेवीवाई के मानकों के अनुरूप होंगे। युवाओं को डिजिटल सेवाओं, आईटी सपोर्ट, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रिटेल और हॉस्पिटैलिटी में प्रशिक्षण दिया जाएगा।