दिल्ली में गुरुपर्व पर गुरुद्वारा साहिब में नतमस्तक हुए श्रद्धालु:उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने गुरुद्वारा रकाबगंज साहिब पहुंचे, रुमाला साहिब किया भेंट

Wait 5 sec.

गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर मंगलवार को राजधानी में श्रद्धा और उल्लास का माहौल रहा। सुबह से ही गुरुद्वारों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। शबद-कीर्तन, अरदास और सेवा के जरिए संगत ने गुरु साहिब के मानवता, समानता और भाईचारे के संदेश को याद किया। इस मौके पर उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन समेत कई प्रमुख नेताओं ने गुरुद्वारों में मत्था टेककर गुरु साहिब का आशीर्वाद लिया। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन गुरुद्वारा रकाबगंज साहिब पहुंचे और गुरु ग्रंथ साहिब को रुमाला साहिब भेंट किया। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि गुरु नानक देव जी की सत्य, समानता, करुणा, निस्वार्थ सेवा और विश्व बंधुत्व की शिक्षाएं आज भी पूरी मानवता को शांति और सद्भाव के रास्ते पर चलने की प्रेरणा देती हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी गुरुद्वारा रकाबगंज साहिब में मत्था टेका। उनके साथ केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा और दिल्ली सरकार के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा मौजूद रहे। नवीन ने देशवासियों और विशेष रूप से सिख समुदाय को गुरुपर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गुरु नानक देव जी ने त्याग, तपस्या, भक्ति और मानवता का संदेश दिया। उनकी शिक्षाएं पूरी मानवता के लिए प्रेरणास्रोत हैं। दिल्ली सरकार के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने गुरुद्वारा रकाबगंज साहिब में आयोजित गुरमत समागम में हिस्सा लिया और मानवता के कल्याण के लिए अरदास की। उन्होंने लोगों से गुरु साहिब के सेवा, सिमरन और समानता के संदेश को जीवन में अपनाने की अपील की। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को प्रेम, भाईचारे और निस्वार्थ सेवा का संदेश देने वाला बताया। वहीं, विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने विधायक तलविंदर सिंह मारवाह के साथ गुरुद्वारा सिंह सभा, भोगल में गुरुपर्व कार्यक्रम में हिस्सा लिया और गुरु साहिब को नमन किया।