यूपी के शिक्षा मंत्री संदीप सिंह और उनके छोटे भाई सौरभ सिंह का दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू (JLN) स्टेडियम में ग्रांड रिसेप्शन हुआ। पीएम मोदी भी पार्टी में पहुंचे। संदीप और उनकी पत्नी ने पैर छूकर मोदी का आशीर्वाद लिया। इससे पहले संदीप ब्लैक शेरवानी में दुल्हन के साथ मंच पर पहुंचे। उनकी पत्नी मेघना ने क्रीम कलर का शाही लहंगा पहन रखा था। पार्टी में भाजपा के पूर्व विधायक संगीत सोम भी कोट पहनकर पहुंचे। युवा उन्हें देखते ही साथ में सेल्फी लेने लगे। संदीप सिंह और उनके भाई को बधाई देने के लिए भाजपा के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद और साध्वी निरंजन ज्योति भी पहुंची थीं। कार्यक्रम के अंत में राजवीर सिंह राजू ने हाथ जोड़कर कहा- अपने दोनों बेटों की शादी में आप सभी से जो प्यार, स्नेह और साथ मिला, उसके लिए दिल से आभार। जीवनभर आप सभी का आभारी रहूंगा। इससे पहले शुक्रवार दोपहर को उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी दोनों भाइयों को बधाई देने पहुंचे थे। संदीप सिंह और सौरभ की कल गुरुवार को दिल्ली के इसी स्टेडियम में शादी हुई थी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु खुद दोनों भाइयों को आशीर्वाद देने पहुंची थीं। संदीप की शादी मेघना चौधरी जबकि सौरभ की शादी अंतरा त्यागी के साथ हुई है। दोनों भाइयों की शादी के सभी कार्यक्रम दिल्ली के ‘द लीला पैलेस’ होटल में हुए। परिवार के लोग और करीबी रिश्तेदार यहीं ठहरे हुए हैं। संदीप और सौरभ दोनों यूपी के पूर्व सीएम कल्याण सिंह के पोते हैं। इनके पिता राजवीर सिंह (राजू भैया) एटा से बीजेपी के पूर्व सांसद रह चुके हैं।