मुख्यमंत्री जन सेवा सदन में 51 बेटियों के पहले करवाचौथ का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। इस खास मौके पर मुख्यमंत्री खुद इन बेटियों की खुशियों में शामिल हुए और उन्हें पहले करवाचौथ की ढेरों बधाई और शुभकामनाएं दीं। गौरतलब है कि गैर-सरकारी संस्था लाडली फाउंडेशन ने इसी साल मार्च में इन सभी 51 बेटियों का सामूहिक विवाह कराया था। अब उनके पहले करवाचौथ के अवसर को यादगार बनाते हुए फाउंडेशन की ओर से प्रत्येक बेटी को 1-1 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। प्रेम और विश्वास का बंधन हमेशा मजबूत रहे- सीएम रेखा गुप्ता इस अवसर पर बेटियों को आशीर्वाद देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हर बेटी के जीवन में पहला करवाचौथ बेहद खास होता है। आपके जीवन में प्रेम और विश्वास का यह पवित्र बंधन हर दिन और अधिक मजबूत हो। आपके घर-आंगन में सदा सुख, सौभाग्य और समृद्धि बनी रहे। मुख्यमंत्री ने लाडली फाउंडेशन की इस आत्मीय और सराहनीय पहल की दिल से प्रशंसा की और संस्था को साधुवाद दिया। लाडली फाउंडेशन के पदाधिकारी रहे मौजूद कार्यक्रम के दौरान लाडली फाउंडेशन के संस्थापक देवेंद्र कुमार सहित संस्था के कई अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे। संस्था द्वारा बेटियों के विवाह के बाद भी उनके जीवन के महत्वपूर्ण मोड़ों पर इस तरह का आर्थिक व सामाजिक सहयोग देने की पहल को सभी ने सराहा।