How To Make Daulat Ki Chaat At Home: दिल्ली की गलियों में मिलने वाली दौलत की चाट का नाम सुनते ही एक ऐसी मिठाई की तस्वीर सामने आती है, जो स्वाद के साथ-साथ अपनी हल्की और झागदार बनावट के लिए भी जानी जाती है. इसे मक्खन मलाई के नाम से भी जाना जाता है. देखने में यह जितनी नाजुक लगती है, इसे बनाने का तरीका भी उतना ही खास है.दूध से तैयार होने वाली यह मिठाई आम चाट से बिल्कुल अलग है. इसमें दूध को अच्छी तरह फेंटकर बेहद हल्का और मलाईदार झाग तैयार किया जाता है. इसके ऊपर केसर, मावा, पिस्ता, गुलाब की पंखुड़ियां और चांदी का वर्क लगाया जाता है. पुरानी दिल्ली जाकर इसका स्वाद लेना तो एक अलग अनुभव है, लेकिन अगर घर पर ही दौलत की चाट बनाने का मन हो तो इसे आसानी से तैयार किया जा सकता है. बस इसे बनाने में थोड़ा धैर्य रखना जरूरी है.दौलत की चाट बनाने के लिए क्या चाहिए?घर पर दौलत की चाट बनाने के लिए आपको 1.5 लीटर फुल-फैट दूध लेना होगा. इसके अलावा 1 कप मलाई, आधा चम्मच क्रीम ऑफ टार्टर, जरूरत के मुताबिक बर्फ के टुकड़े और एक बड़ी चुटकी केसर चाहिए. केसर को पहले थोड़े से पानी में भिगोकर रख लें. चाट को सजाने के लिए पीनट चिक्की, पिसी हुई चीनी, कद्दूकस किया हुआ मावा, कटे हुए पिस्ते और सूखी गुलाब की पंखुड़ियां इस्तेमाल की जा सकती हैं. अगर आप इसे बिल्कुल पुराने दिल्ली वाले अंदाज में पेश करना चाहते हैं तो ऊपर से खाने योग्य चांदी का वर्क भी लगा सकते हैं.सबसे पहले दूध को अच्छी तरह तैयार करेंदौलत की चाट की असली खासियत उसका हल्का और फूला हुआ टेक्सचर है. इसलिए शुरुआत दूध से ही सही तरीके से करनी होगी. एक गहरे बर्तन में फुल-फैट दूध डालकर उबाल लें. दूध को बीच-बीच में चलाते रहें, ताकि वह बर्तन के तले में न लगे. दूध में अच्छी तरह उबाल आने के बाद गैस बंद कर दें और इसे कमरे के तापमान तक ठंडा होने दें. इसके बाद ठंडे दूध को एक बड़े बर्तन में निकालें. इसमें मलाई और आधा चम्मच क्रीम ऑफ टार्टर डालकर अच्छी तरह फेंटें. इस मिश्रण को ढककर रातभर फ्रिज में रख दें. यह स्टेप जल्दी में न करें, क्योंकि दूध को अच्छी तरह ठंडा होने का समय मिलने से आगे झाग तैयार करना आसान हो जाता है.इसे भी पढ़ें- क्या है कोल्ड ड्रिंक पीने का सही तरीका? जान लीजिए जवाबअब तैयार करें दौलत की चाट का झागअगले दिन एक बड़े और चौड़े बर्तन में बर्फ के टुकड़े डालें. इसके ऊपर दूध वाला बर्तन रखें, ताकि मिश्रण अच्छी तरह ठंडा रहे. अब इलेक्ट्रिक हैंड ब्लेंडर की मदद से दूध को लगातार फेंटना शुरू करें. कुछ देर बाद दूध के ऊपर हल्का और झागदार फोम बनने लगेगा. इसी फोम को धीरे-धीरे निकालकर एक अलग बर्तन में रखते जाएं. पूरा मिश्रण एक साथ फेंटने के बजाय इसे हिस्सों में करना ज्यादा आसान रहेगा.अब तैयार फोम के एक हिस्से में पानी में भिगोया हुआ केसर डालें और फिर से अच्छी तरह फेंटें. इससे फोम में केसर का रंग और खुशबू आ जाएगी. केसर वाला फोम भी अलग बर्तन में निकाल लें. इस प्रक्रिया को तब तक दोहराएं, जब तक पूरा दूध फेंट न जाए. तैयार सफेद और केसर वाले फोम को करीब 10 से 15 मिनट के लिए फ्रिज में रख दें.ऐसे दें पुरानी दिल्ली वाला स्वादजब फोम अच्छी तरह ठंडा हो जाए तो इसे सर्विंग बाउल में डालें. पहले सफेद फोम की एक परत रखें और उसके ऊपर केसर वाला फोम डालें. अब बारी आती है इसकी सबसे खास सजावट की. पीनट चिक्की को हल्का दरदरा कूट लें. इसके बाद फोम के ऊपर पिसी हुई चीनी, कद्दूकस किया हुआ मावा, कुटी हुई पीनट चिक्की और कटे हुए पिस्ते डालें. ऊपर से सूखी गुलाब की पंखुड़ियां हल्की सी क्रश करके छिड़कें. आखिर में कुछ केसर के धागे और चांदी का वर्क लगाया जा सकता है. दौलत की चाट तैयार है. इसे सजाने के बाद तुरंत सर्व करें, क्योंकि इसका झागदार टेक्सचर ज्यादा देर तक वैसा नहीं रहता.इन बातों का रखें ध्यानदौलत की चाट बनाते समय सबसे जरूरी बात है कि फुल-फैट दूध का ही इस्तेमाल करें. दूध में फैट कम होने पर मनचाहा झाग और टेक्सचर मिलना मुश्किल हो सकता है. दूसरी बात, दूध को फेंटते समय जल्दबाजी न करें. अच्छा फोम तैयार होने में थोड़ा समय लगता है. चीनी की मात्रा आप अपने स्वाद के हिसाब से कम या ज्यादा कर सकते हैं. इसे हमेशा चौड़े और हल्के गहरे बाउल में सर्व करना बेहतर रहता है. इससे इसका नाजुक झाग ज्यादा देर तक बना रहता है.इसे भी पढ़ें: Healthy Recipe for Kids: बच्चों के लिए बनाएं गाजर-चुकंदर कटलेट, सब्जियां खिलाने का हिट फॉर्म्युला