अमेरिकी सेना ने रविवार को हॉर्मुज स्ट्रेट में ईरान के रॉकेट लॉन्चर्स को निशाना बनाया। करीब एक महीने बाद अमेरिका ने यहां सैन्य कार्रवाई की है। अमेरिकी अधिकारी के मुताबिक, ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के जवान स्ट्रेट में रॉकेट और समुद्री बारूदी सुरंगें लॉन्च करने की तैयारी कर रहे थे। तभी हमला किया गया। वहीं, ईरान के सेमी-ऑफिशियल मीडिया ने लारक द्वीप के पास धमाकों की आवाज सुनाई देने की जानकारी दी। हमले के बाद ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने बताया कि उनके कुछ जवान और नागरिक मारे गए और घायल हुए हैं। अमेरिका ने पिछले हफ्ते हटाई थीं समुद्री सुरंगें अमेरिकी सेना ने पिछले हफ्ते हॉर्मुज स्ट्रेट के अंतरराष्ट्रीय शिपिंग रूट से समुद्री बारूदी सुरंगें हटाई थीं। यह इलाका अंतरराष्ट्रीय जहाजों की आवाजाही के लिए बेहद अहम है। हमले की जानकारी देने वाले अमेरिकी अधिकारी ने अपना नाम सार्वजनिक नहीं किया। उन्होंने संवेदनशील सैन्य गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि अमेरिकी सेना ईरानी बलों की गतिविधियों पर नजर रख रही थी। हॉर्मुज स्ट्रेट क्यों अहम है? हॉर्मुज स्ट्रेट फारस की खाड़ी और अरब सागर के बीच एक अहम समुद्री रास्ता है। दुनिया के तेल और गैस कारोबार का बड़ा हिस्सा इसी रास्ते से होकर गुजरता है। इसलिए यहां तनाव या जहाजों की आवाजाही रुकने पर कच्चे तेल की सप्लाई और कीमतों पर सीधा असर पड़ सकता है। यही वजह है कि अमेरिका-ईरान के बीच इस इलाके में किसी भी सैन्य गतिविधि को गंभीर माना जाता है। यह खबर लगातार अपडेट की जा रही है…