एअर इंडिया की फुकेट-दिल्ली फ्लाइट उड़ाने वाले पायलट-इन-कमांड (PIC) का कन्फर्मेटरी डोप टेस्ट भी पॉजिटिव आया है। टर्बुलेंस हादसे के बाद दिल्ली लैंडिंग पायलट का स्क्रीनिंग टेस्ट नॉन-नेगेटिव आया था। इसके बाद एक कन्फर्मेटरी टेस्ट किया गया जिसकी रिपोर्ट मंगलवार को आई। मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया गया है कि पायलट के दूसरे ड्रग टेस्ट में बात सामने आई है कि उसने गांजा पिया था। यह घटना 4 अगस्त को एअर इंडिया की फुकेट से दिल्ली आ रही फ्लाइट के साथ हुई थी। जिसमें 137 पैसेंजर और 8 क्रू मेंबर सवार थे। प्लेन भुवनेश्वर से गुजरते समय अचानक करीब 300 फीट नीचे आ गया था। जिससे यात्रियों और क्रू सदस्यों को चोटें आई थीं। इसके बाद दिल्ली में लैंडिंग हुई थी। जांच पूरी होने तक DGCA ने फ्लाइट क्रू के दोनों सदस्यों को रोस्टर से हटा दिया है। हादसे के बाद प्लेन के अंदर की 2 तस्वीरें… एअर इंडिया बोली- जांच जारी, बयान नहीं दे सकते एअर इंडिया ने सोमवार को कहा कि वह फुकेत-दिल्ली उड़ान की घटना से जुड़े जांच निष्कर्षों या टिप्पणियों पर बयान नहीं दे सकती। एयरलाइन ने कहा कि AAIB प्रावधानों के तहत जांच कर रहा है। एयरलाइन के प्रवक्ता ने कहा, “घटना की जांच जारी है, इसलिए एअर इंडिया जांच से जुड़े किसी पॉइंट पर बयान नहीं दे सकती। हम जरूरत के मुताबिक संबंधित अधिकारियों को पूरा सहयोग देते रहेंगे।” एअर इंडिया CEO की मंत्रालय में पेशी एअर इंडिया के CEO कैंपबेल विल्सन की अगुवाई में एयरलाइन मैनेजमेंट की एक टीम मंगलवार को नागरिक उड्डयन मंत्रालय के सीनियर अधिकारियों से मिलने पहुंची। विल्सन के अलावा, पूर्व उड्डयन सचिव प्रदीप सिंह खरोला और एयर इंडिया के फ्लाइट सेफ्टी हेड दीपक जोशी भी बैठक में शामिल हुए। दावा- फ्लाइट में कई तकनीकी खराबियां आईं थीं न्यूज एजेंसी PTI ने सूत्रों के हवाले से बताया था कि प्लेन का हाइड्रोलिक सिस्टम तीन बार फेल हुआ था। ऑटो पायलट भी डिस्कनेक्ट हो गया था। इसके तुरंत बाद को-पायलट ने मैनुअल तरीके से विमान का कंट्रोल संभाला। विमान के कई इंडिकेटर स्विच कुछ समय के लिए बंद हो गए थे। हादसे के कारणों की जांच के लिए फ्रांस की एजेंसी BEA और एयरबस की टीमें मंगलवार को भारत आ रही हैं। जिस विमान A320 में खराबी आई, वह फ्रांस में बनता है इसलिए BEA भी जांच में शामिल हो रही है।