दिल्ली सरकार की महत्वाकांक्षी दिल्ली लक्ष्मी योजना का औपचारिक शुभारंभ 1 अगस्त को किया जाएगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सुबह 11 बजे गीता कॉलोनी स्थित जिला मजिस्ट्रेट (पूर्व) कार्यालय में आयोजित विशेष कार्यक्रम में योजना के ऑनलाइन पोर्टल का शुभारंभ करेंगी। इसके साथ ही पात्र महिलाओं के लिए आवेदन प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री स्वयं पात्र महिलाओं का पंजीकरण कराकर योजना की आवेदन प्रक्रिया की शुरुआत करेंगी। इसके बाद सभी पात्र महिलाएं पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगी। दिल्ली सरकार का लक्ष्य समयबद्ध तरीके से आवेदनों का सत्यापन कर रक्षाबंधन के अवसर पर लाभार्थियों को पहली किस्त जारी करना है। सीएम ने कहा दिल्ली सरकार ने महिलाओं से किया गया अपना महत्वपूर्ण वादा पूरा किया है। 'दिल्ली लक्ष्मी योजना' महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ उन्हें सम्मान और आत्मनिर्भरता प्रदान करने की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने पात्र महिलाओं से योजना का लाभ लेने के लिए जल्द आवेदन करने की अपील की। योजना के तहत पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 2,500 रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। दिल्ली सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में इस योजना के लिए 5,110 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। सरकार का अनुमान है कि इससे 17 लाख से अधिक महिलाओं को सीधा लाभ मिलेगा।