How To Make Puffed Poori: पूड़ी नहीं फूलती? बेलते वक्त ये गलती तो नहीं कर रहे आप

Wait 5 sec.

How To Make Fluffy Poori At Home: घर में गरमा-गरम फूली हुई पूड़ियां बन जाएं तो सब्जी से लेकर खीर और हलवे तक का स्वाद बढ़ जाता है. लेकिन कई बार सारी तैयारी सही होने के बावजूद पूड़ियां कढ़ाही में जाते ही फूलने के बजाय सपाट रह जाती हैं. कुछ पूड़ियां एक तरफ से फूलती हैं तो दूसरी तरफ से मोटी रह जाती हैं. वहीं, कई बार पूड़ी तलने के बाद बहुत ज्यादा तेल सोख लेती है. ऐसे में अक्सर लोगों को लगता है कि आटा गूंथने में ही कोई गलती हुई होगी, जबकि परेशानी पूड़ी बेलने के तरीके में भी हो सकती है.फूली और अच्छी पूड़ी बनाने के लिए आटा गूंथने से लेकर उसे बेलने और तेल के तापमान तक कई छोटी बातों का ध्यान रखना पड़ता है. खासतौर पर पूड़ी की मोटाई सही न होने पर वह कढ़ाही में अच्छी तरह नहीं फूलती. अगर आपके साथ भी अक्सर ऐसा होता है तो अगली बार पूड़ी बनाते समय इन बातों का ध्यान रखें.बहुत पतली न बेलें पूड़ीपूड़ी बेलते समय होने वाली सबसे आम गलतियों में से एक है उसे रोटी की तरह बहुत पतला बेल देना. कई लोगों को लगता है कि पतली पूड़ी ज्यादा कुरकुरी बनेगी, लेकिन जरूरत से ज्यादा पतला बेलने पर पूड़ी के फूलने में परेशानी हो सकती है. बेलते समय कोशिश करें कि पूड़ी न बहुत पतली हो और न ही बहुत मोटी. सबसे जरूरी बात है कि उसकी मोटाई चारों तरफ लगभग बराबर रहे. अगर बीच का हिस्सा पतला और किनारे मोटे रह गए या एक तरफ ज्यादा दबाव देकर बेल दिया गया तो तलते समय पूड़ी समान रूप से नहीं फूल पाएगी.बेलते समय एक तरफ ज्यादा दबाव न डालेंपूड़ी को गोल बनाने की कोशिश में कई बार बेलन का दबाव एक हिस्से पर ज्यादा पड़ जाता है. देखने में पूड़ी बिल्कुल गोल लग सकती है, लेकिन उसकी मोटाई हर तरफ बराबर नहीं होती. यही छोटी सी गलती कढ़ाही में डालने के बाद नजर आती है. पूड़ी को हल्के और बराबर दबाव के साथ बेलें. बेलन को बीच से किनारों की तरफ चलाते हुए पूड़ी को थोड़ा-थोड़ा घुमाते रहें. इससे उसका आकार भी गोल रहेगा और मोटाई भी एक जैसी रखने में आसानी होगी.बहुत ज्यादा सूखा आटा लगाने से बचेंरोटी बेलते समय सूखा आटा लगाना आम है, लेकिन पूड़ी के साथ ऐसा करना सही नहीं माना जाता. ज्यादा सूखा आटा लगाने से तलते समय यह तेल में गिर सकता है और जलने लगता है. इससे तेल भी जल्दी खराब हो सकता है. अगर आटा सही तरीके से गूंथा गया है तो पूड़ी बेलने के दौरान बहुत ज्यादा सूखे आटे की जरूरत नहीं पड़नी चाहिए. जरूरत लगे तो बेलन और सतह पर बहुत हल्का तेल लगाया जा सकता है. इससे लोई चिपकेगी नहीं और पूड़ी आसानी से बेली जा सकेगी.आटा बहुत नरम तो नहीं गूंथ रहे?सिर्फ बेलने का तरीका ही नहीं, आटे की कंसिस्टेंसी भी पूड़ी के फूलने में अहम भूमिका निभाती है. पूड़ी के लिए आटा रोटी के आटे की तुलना में थोड़ा सख्त रखना बेहतर होता है. अगर आटा बहुत नरम हो गया तो पूड़ियां बेलते समय ज्यादा फैल सकती हैं और तलते समय सही तरीके से फूलने में परेशानी हो सकती है. पानी एक साथ डालने के बजाय थोड़ा-थोड़ा करके डालें और अच्छी तरह आटा गूंथें. आटे में नमी बराबर होनी चाहिए. गूंथने के बाद इसे कुछ देर ढककर रखा जा सकता है, जिससे आटा सेट हो जाए और पूड़ियां बेलना आसान हो.इसे भी पढ़ें: Healthy Tiffin Ideas : मानसून में ये पांच डिश बढ़ाएगी बच्चों के टिफिन की शोभा- स्वाद के साथ सेहत का भी रखें ख्यालबेलकर बहुत देर तक खुला न छोड़ेंअगर आप सारी पूड़ियां पहले बेल लेते हैं और उसके बाद तलना शुरू करते हैं तो उन्हें खुला छोड़ने से बचें. लंबे समय तक हवा के संपर्क में रहने पर उनकी ऊपरी सतह सूख सकती है. इसका असर तलते समय पूड़ी के फूलने पर पड़ सकता है. अगर एक साथ कई पूड़ियां बेल रहे हैं तो उन्हें किसी साफ कपड़े से ढककर रखें. बेहतर तरीका यह है कि जरूरत के हिसाब से कुछ पूड़ियां बेलें और उन्हें तलते जाएं.तेल का तापमान भी है जरूरीआपने आटा सही गूंथा और पूड़ी भी बराबर मोटाई में बेल ली, लेकिन तेल सही गर्म नहीं है तो सारी मेहनत खराब हो सकती है. कम गर्म तेल में पूड़ी डालने पर वह तेल ज्यादा सोख सकती है और फूलने में भी समय लेती है. पूड़ी डालने से पहले तेल अच्छी तरह गर्म होना चाहिए. हालांकि, तेल इतना तेज गर्म भी न हो कि पूड़ी डालते ही बाहर से जलने लगे. तेल का तापमान जांचने के लिए आटे का बहुत छोटा टुकड़ा डालकर देख सकते हैं. अगर वह नीचे जाकर धीरे-धीरे ऊपर आ रहा है तो तेल को थोड़ा और गर्म होने दें.कढ़ाही में डालते ही हल्का दबाएंपूड़ी को गर्म तेल में डालने के बाद कलछी से ऊपर की तरफ बहुत हल्का दबाव देने पर उसे फूलने में मदद मिल सकती है. जैसे ही पूड़ी फूल जाए, उसे पलटकर दूसरी तरफ से भी तल लें. एक साथ बहुत सारी पूड़ियां कढ़ाही में डालने से बचें, क्योंकि इससे तेल का तापमान अचानक कम हो सकता है. अगली बार पूड़ी न फूले तो केवल आटे को दोष देने के बजाय बेलने का तरीका भी देखें. पूड़ी की मोटाई हर तरफ बराबर रखना, ज्यादा सूखा आटा इस्तेमाल न करना, आटे को बहुत नरम न गूंथना और सही गर्म तेल में तलना जैसी छोटी बातें बड़ा फर्क डाल सकती हैं. इनका ध्यान रखा जाए तो घर पर भी गोल और अच्छी तरह फूली हुई पूड़ियां तैयार की जा सकती हैं.इसे भी पढ़ें: Milk Cake Recipe: हलवाई की दुकान जैसा मिल्क केक खाना है? घर पर ऐसे करें तैयार