दिल्ली होटल अग्निकांड के बाद एमसीडी सख्त:चलेगा विशेष फायर सेफ्टी जांच अभियान, स्टैंडिंग कमेटी चेयरपर्सन सत्य शर्मा ने कमिश्नर को लिखा पत्र

Wait 5 sec.

नई दिल्ली। मालवीय नगर में होटल में हुए अग्निकांड के बाद दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने फायर सेफ्टी नियमों के पालन को लेकर सख्त रुख अपनाया है। स्टैंडिंग कमेटी की चेयरपर्सन सत्य शर्मा ने घटना को गंभीरता से लेते हुए एमसीडी आयुक्त को पत्र लिखकर राजधानी में विशेष फायर सेफ्टी अनुपालन अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यह हादसा इमारतों में अग्नि सुरक्षा मानकों और आपातकालीन तैयारियों को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। पत्र में सत्य शर्मा ने एमसीडी के अधिकार क्षेत्र में आने वाली सभी श्रेणी की इमारतों का प्राथमिकता के आधार पर निरीक्षण कराने और फायर सेफ्टी मानकों के अनुपालन की जांच सुनिश्चित करने को कहा है। उन्होंने भवन विभाग के साथ समन्वय कर उन भवनों की पहचान करने के निर्देश दिए हैंए जहां अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं, अवैध निर्माण हैं या जो आम लोगों की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकते हैं। तीन दिन में मांगी विस्तृत जांच रिपोर्ट सत्य शर्मा ने मालवीय नगर अग्निकांड की विस्तृत जांच रिपोर्ट तीन दिन के भीतर प्रस्तुत करने को भी कहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि रिपोर्ट में भवन की स्थिति, स्वामित्व संबंधी जानकारी, फायर सेफ्टी मानकों के अनुपालन की स्थिति तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही या जिम्मेदारी का पूरा विवरण शामिल होना चाहिए। घटना के प्रत्येक पहलू की गहन जांच कर जवाबदेही तय करने पर जोर दिया गया है। फायर सेफ्टी मानकों की होगी व्यापक समीक्षा विशेष अभियान के तहत दिल्लीभर में विभिन्न श्रेणी की इमारतों की जांच की जाएगी। जहां भी सुरक्षा मानकों में कमी पाई जाएगी, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। निगम का उद्देश्य भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकना और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। एमसीडी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, चेयरपर्सन के निर्देशों के अनुसार व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया जाएगा। जहां भी फायर सेफ्टी नियमों का उल्लंघन मिलेगाए वहां तत्काल कार्रवाई की जाएगी।