दिल्ली में आधी रात 70kmph की रफ्तार से आंधी चली:MP-राजस्थान समेत 22 राज्यों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट; बिहार में बिजली गिरने से 10 की मौत

Wait 5 sec.

देश में मानसून के आगे बढ़ने का सिलसिला जारी है। गुरुवार को मानसून की बंगाल की खाड़ी वाली ब्रांच बिहार में पहुंच गई। हालांकि, मुंबई में मानसून थोड़ा पीछे चल रहा है। अगले 3 दिन में मानसून के झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा और उत्तर प्रदेश में एंट्री करने की संभावना है। 4 जून को केरलम में एंट्री के बाद से मानसून 8 दिन में 17 राज्यों तक पहुंच चुका है। इधर दिल्ली-NCR और हरियाणा में गुरुवार रात कई इलाकों में 70 से 80kmph की रफ्तार से हवाएं चलीं। इससे तेज गर्मी से राहत मिली। गुरुवार को बिहार के 12 जिलों में आंधी-बारिश हुई। बिजली गिरने से 10 लोगों की मौत हो गई। गुजरात को छोड़कर बाकी सभी राज्यों में प्री-मानसून एक्टिव है। मैप में देखिए, कहां तक पहुंचा मानसून राजस्थान में चलेगी धूल भरी आंधी, तेलंगाना में हीटवेव का अलर्ट मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और पंजाब समेत 22 राज्यों में आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। राजस्थान में धूल भरी आंधी चल सकती है। महाराष्ट्र से लगे कोंकण और गोवा में मौसम उमस भरा रहेगा। कर्नाटक और केरलम में समुद्र की तरफ से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं तेलंगाना, विदर्भ और आंध्र प्रदेश के समुद्री जिलों में हीटवेव का अलर्ट है। यहां पारा 40 से 45°C के बीच रह सकता है। अमेरिकी मौसम एजेंसी ने अल नीनो शुरू होने की पुष्टि की अमेरिकी नेशनल ओशनिक एंड एटमॉस्फेरिक एडमिनिस्ट्रेशन (NOAA) ने अल नीनो शुरू होने की पुष्टि कर दी है। वैज्ञानिकों के मुताबिक गर्म होते प्रशांत महासागर में अल नीनो बन गया है। अनुमान है कि यह 1997 में शुरू हुए उस रिकॉर्ड अल नीनो के बराबर या उससे भी ज्यादा शक्तिशाली होगा। इस बात की 63% संभावना है कि अल नीनो इस साल के आखिर में इतना तेज हो जाएगा कि यह 1950 के बाद से दर्ज किए गए सबसे बड़े अल नीनो घटनाक्रमों में शामिल हो जाएगा। राज्यों से मौसम की तस्वीरें… गर्मी से राहत नहीं, 11 राज्यों में पारा अब भी 40°C पार बारिश के बावजूद यूपी, दिल्ली, राजस्थान, एमपी, महाराष्ट्र, गुजरात, पंजाब, छत्तीसगढ़, ओडिशा, तेलंगाना और हरियाणा के कई शहरों में पारा 40°C से ज्यादा रहा। देश में सबसे ज्यादा पारा पंजाब के बठिंडा में दर्ज किया गया। यहां पारा 46.2°C रहा। वहीं राजस्थान के श्रीगंगानगर में पारा 44.6°C, यूपी के झांसी में 43.4°C, महाराष्ट्र के वर्धा में 44.5°C और एमपी के खजुराहो में 43°C दर्ज किया गया। अगले दो दिन के मौसम का हाल 13 जून: 14 जून: राज्यों से मौसम की खबरें… 1. राजस्थान: 20 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, जैसलमेर में पारा 46 °C वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से शुक्रवार को भी 20 जिलों में आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। हालांकि, गर्मी के तेवर कम नहीं हुए। चूरू, जैसलमेर और श्रीगंगानगर में तापमान 44 °C से 46 °C के बीच दर्ज किया गया। गुरुवार को श्रीगंगानगर में आंधी के साथ तेज बारिश हुई, साथ ही कई जगह ओले भी गिरे। पढ़ें पूरी खबर… 2. मध्य प्रदेश: भिंड-मुरैना समेत 6 जिलों में ओले गिरने का अलर्ट; मानसून 4 दिन लेट होने का अनुमान प्रदेश में गुरुवार को आंधी-बारिश के साथ तेज गर्मी भी रही। सिवनी, दतिया समेत कई जिलों में बारिश हुई, लेकिन ग्वालियर में पारा 42 °C दर्ज किया गया। इधर, मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में मानसून की एंट्री 4 दिन देरी से हो सकती है। अब इसके पहुंचने की अनुमानित तारीख 17-18 जून है। पढ़ें पूरी खबर… 3. उत्तर प्रदेश: प्री-मानसून एक्टिव, 17 जिलों में ओले गिरने और 65 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट मौसम विभाग के मुताबिक यूपी में प्री-मानसून एक्टिव हो गया है। आज 17 जिलों में ओले गिरने और 65 जिलों में आंधी के साथ बारिश का अलर्ट है। हालांकि, अभी गर्मी से राहत नहीं मिली है। मई की तरह ही बांदा एक बार फिर से सबसे गर्म रहा। गुरुवार को यहां 45.4°C तापमान रिकॉर्ड किया गया। पढ़ें पूरी खबर… 4. बिहार: मानसून की एंट्री, 24 घंटे में 10°C तक गिरा पारा; बिजली गिरने से 10 लोगों की मौत प्रदेश के किशनगंज, अररिया, सुपौल, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा और मधुबनी में मानसून पहुंच चुका है। 72 घंटों में यह पूरे बिहार को कवर कर लेगा। गुरुवार को बिजली गिरने से बिहार के 5 जिलों में 10 लोगों की मौत हो गई। मौसम विभाग ने शुक्रवार को पटना, गया समेत 18 जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पढ़ें पूरी खबर… 5. हरियाणा: रातभर चला आंधी-तूफान, पेड़ टूटकर सड़कों पर गिरे; भिवानी सबसे गर्म, पारा 45°C गुरुवार को प्रदेश का भिवानी 45°C तापमान के साथ सबसे गर्म रहा। हालांकि, आधी रात को आए आंधी-तूफान और बारिश से मौसम बदला, लेकिन कई जगह पेड़ उखड़ गए। शुक्रवार सुबह भी कई जिलों में जमकर बारिश हुई। आज भी 22 जिलों में ओले-बारिश का अलर्ट है। आंधी की रफ्तार 80kmph तक पहुंच सकती है। पढ़ें पूरी खबर… 6. झारखंड: 18 जिलों में आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट, 60kmph की रफ्तार से हवा चल सकती प्रदेश में गुरुवार को पहले तेज धूप रही, उसके बाद बारिश से कई जिलों का मौसम बदल गया। मौसम विभाग ने 13 जून तक 18 जिलों के लिए आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि इन जिलों में 60kmph की रफ्तार से हवा चल सकती है। वहीं, अगले 3 दिन में मानसून भी एंट्री का सकता है। पढ़ें पूरी खबर… 7. पंजाब-चंडीगढ़: आंधी-बारिश का अलर्ट, ओले भी गिरेंगे; अंधड़ से कई जगह पावर सिस्टम फेल पंजाब और चंडीगढ़ में आज बारिश के साथ ओले और आंधी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। आंधी की रफ्तार 60-70kmph रह सकती है। गुरुवार को मौसम बदल गया। आंधी के कारण तापमान में 3.8 °C की गिरावट दर्ज की गई। सबसे तेज आंधी संगरूर में चली, जहां इसकी रफ्तार 111kmph रही। पढ़ें पूरी खबर… 8. उत्तराखंड: अल्मोड़ा-चमोली समेत 4 जिलों में बारिश, 7 में ऑरेंज अलर्ट, 60kmph की रफ्तार से चलेंगी हवाएं प्रदेश के 4 जिलों में आज सुबह से रुक रुक कर बारिश हो रही है। रुद्रप्रयाग, चमोली और बागेश्वर के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 60kmph की रफ्तार से हवा चल सकती है। बदरीनाथ में तेज बारिश का अलर्ट है, इससे तापमान घट सकता है और ठंड बढ़ सकती है। पढ़ें पूरी खबर… 9. हिमाचल प्रदेश: ऊंचे पहाड़ों पर बर्फबारी, आज ओले गिरने का अलर्ट; 17 जून तक बारिश की संभावना प्रदेश के ऊंचे पहाड़ों पर बीती रात बर्फबारी हुई। शिमला समेत कई जगह तेज तूफान भी आया। भरमौर और लाहौल स्पीति की ऊंची चोटियां भी बर्फ से ढकी नजर आईं। राज्य के अलग-अलग भागों में पेड़ गिरने, मलबे में गाड़ियां दबने की घटनाएं भी हुईं। अगले 4 दिन में तापमान में चार °C तक घट सकता है। पढ़ें पूरी खबर… 10. छत्तीसगढ़: 3 दिन में मानसून की एंट्री संभव; 5 °C गिरा पारा; आज भी आंधी-बारिश का अलर्ट मानसून की एंट्री से पहले गुरुवार शाम रायपुर में तेज आंधी के बाद बारिश हुई। अगले 2 से 3 दिनों में मानसून प्रदेश के कुछ हिस्सों में पहुंच सकता है। फिलहाल तापमान में 5 °C तक की गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि प्रदेश में सबसे ज्यादा 43 °C तापमान राजनांदगांव में दर्ज किया गया। पढ़ें पूरी खबर…