ट्रम्प के सलाहकार ने यूक्रेन जंग को 'मोदी वॅार' बताया:बोले- रूसी तेल खरीद इसे बढ़ा रहे; आज सौदे बंद करो, कल एक्स्ट्रा टैरिफ खत्म हो जाएगा

Wait 5 sec.

ट्रम्प के ट्रेड सलाहकार पीटर नवारो ने बुधवार को यूक्रेन जंग को ‘मोदी वॅार’ कहा। उन्होंने मोदी पर दोहरा खेल खेलने और इसे बढ़ावा देने का आरोप लगाया है। ब्लूमबर्ग टेलीविजन के इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि भारत रूस से सस्ता तेल खरीदकर उसे रिफाइन करता है और ऊंची कीमत पर बेचता है। इससे रूस को जंग के लिए पैसा मिलता है और वो यूक्रेन पर हमला करता है। इसके साथ ही नवारो ने चेतावनी देते हुए कहा कि रूस और चीन के साथ भारत के बढ़ते संबंध दुनिया के लिए खतरा बन सकते हैं। उन्होंने कहा- भारत तुम तानाशाहों के साथ मिल रहे हो। चीन ने अक्साई चिन और तुम्हारे कई इलाके पर कब्जा कर लिया। और रूस? जाने भी दो। ये तुम्हारे दोस्त नहीं हैं। नवारो बोले- भारत के रूसी तेल खरीदने से अमेरिका को नुकसान नवारो ने कहा, 'मोदी एक महान नेता हैं, भारत एक लोकतंत्र देश है, फिर भी वे हमारी आंखों में आंखें डालकर कहते हैं कि हम रूसी तेल खरीदना बंद नहीं करेंगे। अब इसका क्या मतलब है?' नवारो ने रूस पर भारत को बेचे गए तेल के बदले मिलने वाले पैसों से युद्ध मशीनरी को चलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा- रूस यूक्रेन पर हमले कर वहां के लोगों को मारता है। फिर यूक्रेन हमारे और यूरोप के पास आकर कहता है कि हमें और पैसा दो। इस तरह अमेरिकी करदाताओं को नुकसान होता है। नवारो ने तर्क दिया कि भारतीय रिफाइनरीयां प्रॉफिट कमाने के लिए सस्ते रूसी कच्चे तेल को खरीदती है और फिर भारतीय रिफाइनरी, रूसी रिफाइनरी के साथ मिलकर उसे बाकी दुनिया को ऊंचे दाम पर बेचते हैं। इससे अमेरिका को नुकसान होता है। नवारो ने मोदी को एरोगेंट कहा नवारो ने तेल आयात पर भारत के दावों को भी खारिज करते हुए मोदी पर एरोगेंट (घमंडी) होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भारत का हर रोज 15 लाख बैरल रूसी तेल खरीदना, यूकरेनियन को मारने के लिए हथियार, ड्रोन और बम खरीदने के लिए काफी है। यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब अमेरिका ने भारतीय वस्तुओं पर 50% टैरिफ लगाया है। इस कदम से अमेरिका को भारत के 66% निर्यात पर असर पड़ने की आशंका है। भारत-अमेरिका के बीच 2024-25 में द्विपक्षीय व्यापार 131.8 अरब डॉलर था। नवारो बोले- भारत ट्रेड में धोखाधड़ी करता है भारत पर हाई टैरिफ से भारतिय निर्यातकों ने नौकरी जाने और ऑर्डर रद्द होने की चेतावनी दी है। कपड़ा इंडस्ट्री के एक अधिकारी ने पीटीआई को बताया कि इस कदम से भारतीय परिधान उद्योग अमेरिकी बाजार से बाहर हो सकता है। नवारो ने टैरिफ बढ़ाने का बचाव करते हुए भारतीय व्यापार नीतियों को अनुचित बताया। उन्होंने कहा, 'भारत में 25% टैरिफ इसलिए लगाए गए क्योंकि वे व्यापार में हमारे साथ धोखाधड़ी करते हैं। फिर 25% टैरिफ रूसी तेल खरीदने के कारण लगा।' रूसी तेल खरीदने से भारत पर एक्स्ट्रा 25% टैरिफ ट्रम्प ने रूसी तेल खरीदने की वजह से भारत पर 25% अतिरिक्त टैरिफ लगाया है, जो 27 अगस्त यानी कल से लागू हो जाएगा। इससे पहले ट्रम्प जुलाई में भारत पर 25% टैरिफ लगा चुके हैं, जिससे आने वाले दिनों में भारतीय सामान के आयात पर अमेरिका में 50% टैरिफ देना होगा। भारत रूसी तेल का दूसरा सबसे बड़ा खरीदार भारत, चीन के बाद रूसी तेल का सबसे बड़ा खरीदार है। यूक्रेन युद्ध से पहले भारत रूस से सिर्फ 0.2% (68 हजार बैरल प्रतिदिन) तेल इम्पोर्ट करता था। मई 2023 तक यह बढ़कर 45% (20 लाख बैरल प्रतिदिन) हो गया, जबकि 2025 में जनवरी से जुलाई तक भारत हर दिन रूस से 17.8 लाख बैरल तेल खरीद रहा है। पिछले दो साल से भारत हर साल 130 अरब डॉलर (11.33 लाख करोड़ रुपए) से ज्यादा का रूसी तेल खरीद रहा है। ​​​​​​2022 से जारी रूस-यूक्रेन जंग रूस-यूक्रेन जंग फरवरी, 2022 में शुरू हुआ। दोनों देशों के बीच जंग की बड़ी वजह रूस का यूक्रेनी जमीन पर कब्जा है। रूस ने यूक्रेन के लगभग 20% क्षेत्र पर कब्जा कर रखा है। युद्ध के कारण हजारों नागरिक और सैनिक मारे गए हैं, और लाखों यूक्रेनियन विस्थापित हुए हैं। जून 2023 तक, लगभग 8 मिलियन यूक्रेनियन देश छोड़कर भाग गए। ट्रम्प ने युद्ध को समाप्त करने के लिए दोनों देशों के नेताओं के साथ बैठक की हैं। हाल ही में, उन्होंने पुतिन के साथ अलास्का में बैठक की, जो 80 वर्षों में किसी रूसी नेता की पहली अलास्का यात्रा थी। जेलेंस्की की मांग- बिना शर्त सीजफायर हो ट्रम्प ने 18 अगस्त को व्हाइट हाउस में यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की से मुलाकात की थी। ट्रम्प ने इस बातचीत को सफल बताया। वहीं जेलेंस्की ने कहा कि यह अब तक की उनकी सबसे अच्छी बातचीत रही। जेलेंस्की ने ट्रम्प से बातचीत के दौरान कहा था कि वो यूक्रेन की एक इंच जमीन भी रूस को नहीं देंगे। उनका मानना है कि अगर यूक्रेन अभी पीछे हटता है तो इससे देश की संप्रभुता और सुरक्षा कमजोर हो सकती है। साथ ही रूस को भविष्य में और ज्यादा हमले करने का मौका मिल सकता है। जेलेंस्की ने कहा- हमारे सिद्धांत और हमारी जमीन से जुड़े फैसले नेताओं के स्तर पर ही होंगे, लेकिन इसमें यूक्रेन की भागीदारी जरूरी है। जेलेंस्की ने बिना किसी शर्त के युद्धविराम की मांग की। पुतिन का यूक्रेन के 20% हिस्से पर कब्जा छोड़ने से इनकार रूस ने यूक्रेन के करीब 20% हिस्से, यानी लगभग 1 लाख 14 हजार 500 वर्ग किलोमीटर पर कब्जा कर रखा है। इसमें क्रीमिया, डोनेट्स्क, लुहांस्क, खेरसॉन और जापोरिज्जिया जैसे क्षेत्र शामिल हैं। रूस इन क्षेत्रों को अपनी सामरिक और ऐतिहासिक धरोहर मानता है और इन्हें छोड़ने को तैयार नहीं है। पुतिन साफ कह चुके हैं कि यूक्रेन से शांति को लेकर बातचीत तभी हो सकती है जब यूक्रेन, रूस के कब्जाए गए क्षेत्रों से अपना दावा छोड़े और उन इलाकों को रूस के हिस्से के रूप में स्वीकारे। ----------------------------------- ये खबर भी पढ़ें... अमेरिकी वित्तमंत्री बोले- भारत से अच्छा समझौता कर सकते हैं: दोनों देशों में अच्छे रिश्ते; 50% टैरिफ पर भारत बोला- हमें जानबूझकर टारगेट किया भारत के साथ टैरिफ विवाद के बीच अमेरिका को उम्मीद है कि वह भारत के साथ अच्छा समझौता कर सकता है। अमेरिका के वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने बुधवार को एक इंटरव्यू में कहा कि भारत-अमेरिका के रिश्ते काफी पेचीदा हैं, लेकिन उन्हें भरोसा है कि दोनों देश आखिरकार एक साथ आएंगे। पूरी खबर पढ़ें...