हिंदी सिनेमा की दुनिया में कुछ नाम ऐसे होते हैं, जो समय के साथ और चमक उठते हैं. ऐसी ही एक अमर अदाकारा थी मधुबाला. उनकी खूबसूरती, उनकी मुस्कान और उनकी मासूम अदायगी आज भी लोगों के दिलों में बसी हुई है. उनकी पुण्यतिथि के मौके पर अभिनेता जैकी श्रॉफ ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और याद करते हुए कहा कि उनका जादू हमेशा जिंदा रहेगा. जैकी श्रॉफ ने मधुबाला को किया याद सोमवार को जैकी श्रॉफ ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर मधुबाला की एक तस्वीर साझा की. तस्वीर के साथ उन्होंने लिखा कि हम उन्हें बहुत प्यार और सम्मान के साथ याद करते हैं. मधुबाला की यादें और हिंदी सिनेमा में उनका योगदान हमेशा लोगों के दिलों में जिंदा रहेगा. उनके इस संदेश को फैंस ने भी खूब पसंद किया.मधुबाला का सफर बता दें, मधुबाला का असली नाम मुमताज जहां बेगम देहलवी था. उनका जन्म दिल्ली में हुआ था और बचपन से ही उनके जीवन में कई चुनौतियां थी. परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी, इसलिए उन्होंने बहुत छोटी उम्र में ही काम करना शुरू कर दिया था. सिर्फ 9 साल की उम्र में उन्होंने फिल्मों में कदम रख दिया. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत फिल्म बसंत से की थी. हालांकि, उन्हें असली पहचान 1949 में आई फिल्म महल से मिली. इस फिल्म के बाद वह रातों-रात स्टार बन गई उनकी सुंदरता के साथ-साथ उनकी एक्टिंग ने भी लोगों का दिल जीत लिया. इसके बाद उन्होंने कई हिट फिल्मों में काम किया, जिनमें हावड़ा ब्रिज, काला पानी और चलती का नाम गाड़ी जैसी फिल्में शामिल हैं. दिल की बीमारी से हुआ निधन हर फिल्म में उनका अलग अंदाज देखने को मिला. कभी वह चुलबुली नजर आईं, तो कभी गंभीर किरदार में भी खुद को साबित किया. साल 1960 में आई ऐतिहासिक फिल्म मुगल-ए-आजम में उन्होंने अनारकली का किरदार निभाया. यह भूमिका उनके करियर की सबसे यादगार मानी जाती है. मधुबाला ने सिर्फ अभिनय ही नहीं, बल्कि कुछ फिल्मों में निर्माता के रूप में भी काम किया. हालांकि, दिल की बीमारी के कारण 23 फरवरी 1969 को 36 साल की उम्र में उनका निधन हो गया. उनकी आखिरी फिल्म 'ज्वाला' उनके निधन के बाद रिलीज हुई.