सिक्किम में बर्फबारी-भूस्खलन, 1500 टूरिस्ट फंसे:केदारनाथ में लगातार तीसरे दिन बर्फबारी; राजस्थान समेत 16 राज्यों में आंधी-बारिश का आलर्ट

Wait 5 sec.

सिक्किम के मंगन जिले में रविवार को लाचेन-चुंगथांग रोड पर तेज बारिश और बर्फबारी हुई। इसके कारण लैंडस्लाइड भी हुआ और सड़क में बड़ी-बड़ी दरारें आ गईं। यहां 1500 टूरिस्ट फंसे हैं। यहां आज सुबह से ही पर्यटकों का रेस्क्यू जारी है। इधर, वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से उत्तर भारत के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। उत्तराखंड के केदारनाथ धाम में लगातार तीसरे दिन बर्फबारी हुई। वहीं उत्तरकाशी और चमोली समेत 8 जिलों में बारिश के साथ ओले गिरे। राजस्थान में सोमवार दोपहर बाद श्रीगंगानगर में बारिश हुई, जबकि सीकर में तेज आंधी चली। यूपी में 48 घंटे में 10 शहरों में ओले गिरे। आंधी-बारिश और बिजली गिरने से प्रदेश में तीन दिन में 15 लोगों की मौत हुई है। रविवार को काशी, गोंडा, सुल्तानपुर और कानपुर समेत 11 जिलों में बारिश हुई थी। वहीं दिल्ली-NCR और हरियाणा के कुछ हिस्सों में बारिश के साथ ओले गिरने की संभावना है। देशभर में बारिश-बर्फबारी की 3 तस्वीरें… अगले दो दिन मौसम का हाल 5-6 अप्रैल- हिमाचल प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, ओडिशा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छतीसगढ़, तेलंगाना, कर्नाटक, तमिलनाडु, केरलम और आंध्र प्रदेश में आंधी-तूफान की संभावना है। आंध्र प्रदेश, केरलम और पुडुचेरी में ओलावृष्टि हो सकती है। वहीं, राजस्थान, बिहार और झारखंड में तेज बारिश हो सकती है। पंजाब और राजस्थान में कुछ जगहों पर 60 किमी/घंटा तक की रफ्तार से हवा चल सकती है। राज्यों के मौसम का हाल… मध्य प्रदेश: राज्य में 9 अप्रैल तक आंधी-बारिश का दौर, ग्वालियर समेत 24 जिलों में अलर्ट मध्य प्रदेश में 9 अप्रैल तक आंधी-बारिश का दौर जारी रहेगा। टर्फ के सक्रिय होने से सोमवार को ग्वालियर-चंबल, जबलपुर, रीवा और शहडोल और सागर संभाग के 24 जिलों में असर बना रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक 7 अप्रैल से नया सिस्टम एक्टिव हो रहा है। इसके कारण आंधी-बारिश की स्थिति बनी रहेगी। पूरी खबर पढ़ें… राजस्थान: राज्य के 14 जिलों में बारिश और आंधी की चेतावनी, ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट राजस्थान में नया स्ट्रॉन्ग वेदर सिस्टम एक्टिव होने से आज से तेज आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी है। 14 जिलों में आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की गई है। राज्य के कुछ शहरों के तापमान में 1°C-2°C की बढ़ोतरी हुई है। पूरी खबर पढ़ें… छत्तीसगढ़: बंगाल में बने सिस्टम से राज्य में बारिश का अलर्ट, 3°C तक गिर सकता है तापमान पश्चिम बंगाल में बने सिस्टम के असर से छत्तीसगढ़ का मौसम बदला हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार एक ट्रफ लाइन छत्तीसगढ़ के ऊपर से गुजर रही है, जिसके कारण बादल, बारिश की स्थिति बनी हुई है। प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान जगदलपुर में 36.9°C का रहा। पूरी खबर पढ़ें… बिहार: राज्य के 6 जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट, आंधी के साथ ओले गिरने की संभावना बिहार में आज 6 जिलों में बारिश-आंधी का ऑरेंज अलर्ट है। इन इलाकों में अगले 24 घंटे के दौरान तेज हवा, गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है। अगले 3 दिनों तक पारा 40°C के नीचे रहने के आसार हैं। अधिकतम तापमान में 2°C से 4°C तक गिरावट आ सकती है। पूरी खबर पढ़ें… पंजाब: 20 जिलों में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का यलो अलर्ट, अगले दो ​दिन ऑरेंज अलर्ट पंजाब के 20 जिलों में आज आंधी-बारिश का यलो अलर्ट है। कल से ऑरेंज अलर्ट है। बीते 24 घंटे में राज्य के तापमान में 1.6°C की बढ़ोतरी हुई। सबसे ज्यादा तापमान 33.4°C फरीदकोट का रहा। पूरी खबर पढ़ें…