पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनावों के लिए 29 अप्रैल को दूसरे चरण की वोटिंग हुई. इस बीच सोशल मीडिया पर पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें उन्हें केंद्रीय सुरक्षा बलों से पूछताछ और टकराव करते हुए देखा जा सकता है.दावा: इस पोस्ट को बंगाल में जारी विधानसभा चुनावों के साथ जोड़कर शेयर कर दावा किया जा रहा है कि गृहमंत्री ने दहशत फैलाने के लिए मुख्यमंत्री ममता दीदी के घर के बाहर केंद्रीय सुरक्षा बल को तैनात कर दिया है. इस पोस्ट का अर्काइव यहां देखें( ऐसे ही दावा करने वाले अन्य पोस्ट के अर्काइव आप यहां और यहां देख सकते हैं. )क्या यह दावा सही है ? नहीं, यह दावा सही नहीं है.यह वडियो हालिया नहीं है बल्कि फरवरी 2026 का है. वायरल वीडियो पश्चिम बंगाल का नहीं है बल्कि दिल्ली के चाणक्यपुरी स्थित स्टेट गेस्ट हाउस 'बंगा भवन' के बाहर का है.फरवरी 2026 में ममता बनर्जी के नेतृत्व में उन परिवारों को चुनाव आयोग के अधिकारियों से मिलने के लिए दिल्ली लाया गया था जिनके नाम SIR प्रक्रिया में काट दिए गए थे. हमने सच का पता कैसे लगाया ? हमने वायरल वीडियो पर गूगल लेंस की मदद से इमेज सर्च ऑप्शन का इस्तेमाल किया. हमारी सर्च में हमें NDTV की इस रिपोर्ट में ममता बनर्जी का यह वीडियो मिला जिसे 02 फरवरी 2026 को अपलोड किया गया था और इसके कैप्शन में लिखा था, "SIR को लेकर दिल्ली पुलिस के साथ ममता बनर्जी की तनातनी."इससे सम्बंधित कीवर्ड्स सर्च करने पर हमें 02 फरवरी 2026 की Times Now की यह वीडियो रिपोर्ट मिली जिसमें यही वायरल वीडियो था और इसकी डिटेल में लिखा था कि, "भारत की राजधानी में उस समय नाटकीय दृश्य देखने को मिले, जब पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने दिल्ली पुलिस का सामना किया."इस रिपोर्ट में भी इस लोकेशन को दिल्ली के बंगा भवन का बताया गया था. हमारी सर्च में हमें Times of India की 03 फरवरी 2026 की यह न्यूज रिपोर्ट मिली जिसमें वायरल वीडियो और घटना के बारे में बताया गया था.Times of India की इस रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली में मौजूद दो राजकीय अतिथि गृहों में से एक इस अतिथि गृह को पुलिस ने बैरिकेड लगाकर घेर रखा था. इस दौरान सोमवार सुबह चाणक्यपुरी स्थित बंगा भवन पहुंचने पर CM ममता बनर्जी ने दिल्ली पुलिस से कहा, "मैं यहां किसी आंदोलन के लिए नहीं आई हूं. अगर मैं ऐसा करती, तो आप इसे संभाल नहीं पाते."इस रिपोर्ट को यहां पढ़ा जा सकता है. इसके सिवा हमारी सर्च में हमें इस वायरल वीडियो और घटना पर The Hindu की यह डिटेल रिपोर्ट मिली जिसमें लिखा था कि, 'पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को दिल्ली के चाणक्यपुरी स्थित स्टेट गेस्ट हाउस, 'बंगा भवन' के बाहर तैनात पुलिसकर्मियों का सामना किया. उन्होंने आरोप लगाया कि इन पुलिसकर्मियों ने पश्चिम बंगाल में SIR अभ्यास से प्रभावित परिवारों को परेशान किया. इन परिवारों को चुनाव आयोग के अधिकारियों से मिलवाने के लिए राष्ट्रीय राजधानी लाया गया था.'रिपोर्ट के मुताबिक, 'दिल्ली पुलिस ने कहा कि उन्होंने बंगा भवन के बहार तैनात सुरक्षाकर्मियों को VIPs की सुरक्षा के उपाय के तौर पर और चल रहे केंद्रीय बजट सत्र के लिए शहर भर में बढ़ाई गई सुरक्षा व्यवस्था के एक हिस्से के रूप में तैनात किया था.'(अगर आपके पास भी ऐसी कोई जानकारी आती है, जिसके सच होने पर आपको शक है, तो पड़ताल के लिए हमारे वॉट्सऐप नंबर 9540511818 या फिर मेल आइडी webqoof@thequint.com पर भेजें. सच हम आपको बताएंगे. हमारी बाकी फैक्ट चेक स्टोरीज आप यहां पढ़ सकते हैं.)'नो वोट टू BJP' का पुराना वीडियो हालिया बंगाल चुनाव से जोड़कर वायरल