रूस-यूक्रेन युद्ध में हरियाणा के 6 युवक फंसे हुए हैं। इनमें फतेहाबाद के 2, कैथल, हिसार, रोहतक और जींद के एक-एक युवक शामिल हैं। कई महीनों से इन युवकों का परिवार से संपर्क नहीं हो पाया है। सभी युवक स्टडी वीजा या कमाने के लिए रूस गए थे। इनके परिवार का आरोप है कि एजेंटों और वहां के लोकल लोगों ने धोखे से इन्हें सेना में भर्ती करा यूक्रेन से युद्ध करने के लिए भेज दिया। इन युवकों के परिवार के सदस्य आज दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करेंगे। इस प्रदर्शन में हरियाणा के अलावा राजस्थान, पंजाब, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, गुजरात, महाराष्ट्र और हैदराबाद के परिवार भी शामिल होंगे। यह प्रदर्शन दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा। जींद और कैथल के लापता युवक कौन हैं, अभी इनका पता नहीं लग पाया है। हिसार के मदनहेड़ी गांव के सोनू (28) और कैथल के कर्मचंद (22) की वहां मौत हो चुकी है। सोनू की मौत यूक्रेन में ड्रोन हमले के कारण हुई। रोहतक के जयभगवान के नेतृत्व में होगा प्रदर्शनरोहतक के मदीना गिंधरान गांव के जयभगवान डांगी नाम के एक सामाजिक कार्यकर्ता ने इन परिवारों की मदद करने का फैसला किया है। उन्होंने यूक्रेन में फंसे युवकों के परिवारों को मिलाकर एक वॉट्सएप ग्रुप बनाया है। इस ग्रुप में हरियाणा, राजस्थान, पंजाब, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, गुजरात, महाराष्ट्र और तेलंगाना के 27 परिवारों को जोड़ा गया है। विदेश राज्यमंत्री से भी मिलेंगेजयभगवान ने बताया कि हरियाणा के 6, राजस्थान के 4 और पंजाब, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर के भी कुछ युवक यूक्रेन में फंसे हुए हैं। उन्होंने दिल्ली पुलिस से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की अनुमति ली है। प्रदर्शन करके राष्ट्रीय स्तर पर आवाज उठाई जाएगी, ताकि केंद्र सरकार और गंभीरता से प्रयास करे। विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन के ऑफिस भी जाएंगे। उनसे मिलकर उन्हें पूरी स्थिति बताई जाएगी। अब रूस में फंसे हरियाणा के युवकों के बारे में जानिए.... फतेहाबाद का विजय 2024 और अंकित 2025 में रूस गयाफतेहाबाद जिले के कुम्हारिया गांव के 2 युवक अंकित जांगड़ा और विजय पूनिया भी जबरन रशियन आर्मी में भर्ती कर यूक्रेन युद्ध में धकेल दिए गए। इन युवकों का पिछले करीब डेढ़ महीने से ज्यादा समय से परिवार से कोई संपर्क नहीं हुआ है। आखिरी बार 11 सितंबर को अंकित का अपने भाई रघुवीर के पास मैसेज आया था। अंकित जांगड़ा के परिवार में उसके पिता रामप्रसाद जांगड़ा, मां सुशीला देवी और बड़ा भाई रघुवीर जांगड़ा है। अंकित के पिता रामप्रसाद राजमिस्त्री हैं जबकि मां गृहिणी है। वहीं, इसी गांव के विजय पूनिया के पिता का निधन हाे चुका है। अब परिवार में मां सुमन देवी और छोटा भाई सुनील कुमार है। अंकित के भाई रघुवीर बताते हैं कि अंकित स्टडी वीजा पर 15 फरवरी 2025 को रूस गया था। परिवार ने कर्ज लेकर उसे वहां पढ़ने भेजा था। वहां उसने लेंग्वेज कोर्स में एडमिशन लिया था। पढ़ाई के साथ ही वह रेस्टोरेंट में काम करने लगा था। इसी तरह विजय पूनिया जुलाई 2024 में स्टडी वीजा पर गया। मगर मार्च 2025 में वापस आ गया। इसके बाद बिजनेस वीजा पर जुलाई 2025 को वापस चला गया था। वह भी रेस्टोरेंट में काम कर रहा था। विजय को वहां एक रूसी महिला मिली थी, जिसने कंप्यूटर ऑपरेटर या सिक्योरिटी गार्ड लगवाने का झांसा देकर रशियन आर्मी में भर्ती करवा दिया। 20 अगस्त को उन्हें रूस से यूक्रेन में ले गए। जहां मात्र 10 दिन की ट्रेनिंग देकर बंकरों में भेज दिया। रोहतक के संदीप ने वीडियो भेज कहा था- मेरी जान को खतरारोहतक के तैमूरपुर गांव का संदीप सितंबर 2024 में चरखी दादरी के एक एजेंट के माध्यम से रूस गया था। संदीप के पिता बख्शी राम का आरोप है कि एजेंट ने उन्हें लालच दिया था कि वहां वह पढ़ाई के साथ कुक का काम कर पाएगा। इससे उसे पैसे भी मिलेंगे और पढ़ाई का खर्चा भी निकल जाएगा, लेकिन वहां एजेंटों ने उसके हाथ में बंदूक थमा दी और 15 दिन की ट्रेनिंग के बाद उसे सेना में भर्ती करा दिया। संदीप के दोस्त मयंक ने बताया था कि उसके पास संदीप का वॉट्सएप पर मैसेज आया था। संदीप ने उसे बताया कि कुक की नौकरी का वादा करके उसे सेना में भर्ती करा दिया गया है। अब उसे यूक्रेन के साथ युद्ध में भेज दिया गया है। हाल ही में संदीप ने परिवार को वीडियो भेजकर कहा था कि उसकी जान को खतरा है। उसे दिन में एक बार खाना दिया जाता है और वे बंकर से बाहर नहीं निकल सकते। हिसार का अमन पिछले साल स्टडी वीजा पर गयाहिसार के मदनहेड़ी गांव निवासी अमन भी रूस-यूक्रेन युद्ध में फंसा हुआ है। उसके परिवार ने उसे सुरक्षित वापस लाने की गुहार लगाई है। अमन की मां सुमन का आरोप है कि वह 2024 में वैध स्टडी वीजा पर रूस गया था। वहां धोखे से एजेंटों ने उसे धोखे से रूस-यूक्रेन युद्ध क्षेत्र में धकेल दिया गया है, जिससे उनकी जान को खतरा है। अमन से संपर्क नहीं हो पा रहा है। सरकार से मांग है कि अमन को भारत लाया जाए। अमन ने आखिरी बार वीडियो जारी कर कहा था कि वहां के हालात बहुत खराब हैं, कभी भी मौत हो सकती है। उसके सामने कई लोग मारे जा चुके हैं। अब कैथल और हिसार के 2 युवकों के बारे में जानिए जिनकी मौत हो चुकी... परिवार के पास सोनू की मौत का लेटर आयाहिसार के मदनहेड़ी गांव के सोनू की मौत हो चुकी है। वह मई 2024 में फॉरेन लैंग्वेज का कोर्स करने गया था। सोनू के भाई अनिल ने बताया था कि सोनू ने 3 सितंबर को आखिरी बार फोन कर बताया था कि उसे जबरन रशियन आर्मी में भर्ती किया जा रहा है और जल्द युद्ध में भेजा जाएगा। 6 अक्टूबर को भी परिवार के पास रूस की सेना के एक अधिकारी ने पत्र भेजकर जानकारी दी है कि सोनू की युद्ध में मौत हो चुकी है। कर्मचंद की 6 सितंबर को मौत हुई, 18 अक्टूबर भारत आया शवकैथल जिले के जनेदपुर गांव का कर्मचंद (22) वह जर्मनी जाना चाहता था। एजेंट ने यही भरोसा दिलाया था, लेकिन जर्मनी के बजाय रूस भेज दिया। जहां उसे सेना में भर्ती कर दिया गया। फिर रूस-यूक्रेन युद्ध के मोर्चे पर भेज दिया गया। युद्ध के दौरान 6 सितंबर को बम गिरने से कर्मचंद की मौत हो गई। करीब डेढ़ महीने बाद 17 अक्तूबर को उसका पार्थिव शरीर भारत लौटा और 18 अक्टूबर को गांव में अंतिम संस्कार किया गया। ---------------------------------- ये खबर भी पढ़ें :- रूस-यूक्रेन युद्ध में एक और हरियाणवी की मौत: एक का VIDEO मैसेज- कभी भी मौत आएगी; धोखे से आर्मी में जॉइनिंग करवाई रूस-युक्रेन युद्ध में हरियाणा के एक और युवक की मौत हो गई है। इस बार हिसार के गांव मदनहेड़ी के 28 वर्षीय सोनू की मौत की पुष्टि हुई है। सोनू के बड़े भाई अनिल ने बताया कि सोनू को जबरन रशियन आर्मी में भर्ती कर युद्ध में भेजा गया था। पढ़ें पूरी खबर...