महाराष्ट्र के ठाणे में सोमवार सुबह एक सड़क हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई और दो गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, यह हादसा सुबह करीब 10:45 बजे मुर्बाड के गोविली गांव स्थित रायता ब्रिज पर हुआ। पुलिस ने बताया कि कल्याण से मुर्बाड जा रही एक वैन की सामने से आ रहे सीमेंट मिक्सर से आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि वैन में सवार 11 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मुर्बाड के तहसीलदार अभिजीत देशमुख के मुताबिक, घायलों को उल्हासनगर के सेंट्रल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि मरने वालों में आठ पुरुष और तीन महिलाएं शामिल हैं। इसी बीच पुलिस ने बताया कि अब तक छह मृतकों की पहचान हो चुकी है, जबकि बाकी की पहचान की प्रक्रिया जारी है। हादसे के बाद कुछ घंटों तक कल्याण से अहिल्यानगर जाने वाले मार्ग पर लंबा जाम लग गया।