देश के ज्यादातर हिस्सों में गर्मी का असर बढ़ने लगा है। राजस्थान और उत्तर प्रदेश में दिन में तेज धूप के साथ तापमान बढ़ रहा है। राजस्थान के जयपुर, अलवर और सीकर समेत कई शहरों में तापमान 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ा है। मध्य प्रदेश में रविवार को 5 शहरों में दिन का तापमान 40 डिग्री के पार रहा। रतलाम में सबसे ज्यादा 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसाम विभाग के मुताबिक, राज्य में16 अप्रैल से हीट वेव यानी, लू का असर शुरू होगा। राजस्थान में धीरे-धीरे गर्मी बढ़ने लगी है। राज्य के 12 से ज्यादा जिलों में रविवार दिन का अधिकतम तापमान 35-40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। वहीं, तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज होने लगा है। मौसम विभाग ने कहा है कि अगले 4-5 दिन आसमान साफ रहेगा और तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। IMD ने आंध्र प्रदेश और गुजरात के कुछ हिस्सों में हीट वेव का अलर्ट जारी किया है। आंध्र प्रदेश के कई जिलों में तापमान 40°C के पार पहुंच गया है, जबकि कुछ जगहों पर 44°C तक रिकॉर्ड किया गया। लोगों को गर्मी और उमस से सावधान रहने की सलाह दी गई है। दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान 34.7°C दर्ज हुआ, जो सामान्य से 1.4°C कम रहा। वहीं, मौसम विभाग ने अरुणाचल प्रदेश समेत 8 राज्यों में आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है। ओडिशा और तमिलनाडु समेत 6 राज्यों में गर्मी और उमस बनी रहने की संभावना है। मौसम की 2 तस्वीरें… अगले दो दिन के मौसम का हाल 14 अप्रैल: उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और उत्तराखंड में गर्मी तेज रहेगी। बिहार और पूर्वी भारत में भी 3-5°C तक बढ़ोतरी हो सकती है। पूर्वोत्तर राज्य असम, मेघालय, अरुणाचल में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। जम्मू-कश्मीर में हल्की बारिश और बिजली गिरने के आसार हैं। 15 अप्रैल: उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और उत्तराखंड में गर्मी और बढ़ेगी। मध्य प्रदेश में तापमान में 3-5°C तक की बढ़ोतरी का असर बना रहेगा। इन राज्यों में मौसम सूखा रहेगा और दिन में तेज गर्मी महसूस होगी।