एक तरफ पाकिस्तान है जो अपने खिलाड़ियों पर 50-50 लाख रुपये का जुर्माना लगाने की तैयारी में है, वहीं अफगानिस्तान और भी आगे चल गया है. 2026 टी20 वर्ल्ड कप में अफगान टीम के खराब प्रदर्शन के बाद राशिद खान से कप्तानी छीनी जा सकती है.अफगानिस्तान क्रिकेट टीम ग्रुप स्टेज के 4 मैचों में दो जीत दर्ज कर पाई थी. दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उसका मैच डबल सुपर-ओवर तक चला, लेकिन अफगानिस्तान सेमीफाइनल में प्रवेश नहीं कर पाया. आपको याद दिला दें कि 2024 के वर्ल्ड कप में अफगानिस्तान ने सेमीफाइनल तक का सफर तय किया था.राशिद खान से छिनेगी कप्तानी!क्रिकबज के अनुसार अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चीफ एग्जीक्यूटिव अधिकारी नसीब खान ने साफ कर दिया है कि टीम के अंदर बदलावों पर चर्चा चल रही है.नसीब खान ने कहा, “अगर आप भविष्य के लिए एक टीम तैयार कर रहे हैं, तो बदलाव निश्चित हैं. हम पहले ही हेड कोच, बल्लेबाजी कोच और ट्रेनर को बदल चुके हैं. उसी तरह टीम के अंदर भी बदलाव हो सकते हैं.”अफगानिस्तान टीम को मिल चुका है नया कोच2026 टी20 वर्ल्ड कप के बाद जोनाथन ट्रॉट को अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के हेड कोच पद से हटाया जा चुका है. उनकी जगह रिचर्ड पायबस ने ली है, जो इंग्लैंड से आते हैं. नसीब खान यह भी साफ कर चुके हैं कि रिचर्ड पायबस श्रीलंका के खिलाफ व्हाइट बॉल सीरीज के बाद अफगान टीम का हेड कोच पद संभालेंगे. यह सीरीज 13-25 मार्च तक खेली जाएगी. वहीं सपोर्ट स्टाफ की बात करें तो टोबी रैडफर्ड नए बल्लेबाजी कोच बन चुके हैं. अब सबकी नजरें इस बात पर हैं कि क्या कप्तानी में भी बड़ा बदलाव होने जा रहा है.भारत दौरे पर भी आएगी अफगानिस्तान टीमइसी साल अफगानिस्तान क्रिकेट टीम भारत दौरे पर भी आएगी, जहां उसे एक टेस्ट मैच और 3 वनडे मैचों की सीरीज खेलनी है. भारत और अफगानिस्तान का टेस्ट मैच 6 जून से न्यू चंडीगढ़ में खेला जाएगा, ये पहली बार होगा जब यहां कोई टेस्ट मैच खेला जाएगा. वहीं दोनों टीमों की वनडे सीरीज 14-20 जून तक खेली जाएगी.