टी20 वर्ल्ड कप के बीच हरभजन सिंह के पास क्यों पहुंची BCCI? टेस्ट क्रिकेट से जुड़ा है मामला

Wait 5 sec.

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने पूर्व भारतीय दिग्गज जहीर खान और हरभजन सिंह से बेंगलुरु स्थित ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ (सीओई) में विशेष शिविरों में अपनी सेवाएं देने के लिए संपर्क किया है. बीसीसीआई ने इन शिविरों के कुछ खिलाड़ियों की सूची तैयार की है. इस सूची में ऐसे खिलाड़ी शामिल किए गए हैं, जो भविष्य में भारत की तरफ से खेल सकते हैं. इन खिलाड़ियों में आयु वर्ग और प्रथम श्रेणी क्रिकेट के अलावा भारत ए और भारत की सीनियर टीम की तरफ से कुछ मैच खेलने वाले खिलाड़ी शामिल हैं. बाएं हाथ के तेज गेंदबाज जहीर खान युवा तेज गेंदबाजों के साथ पांच दिवसीय शिविर के लिए पहले ही बेंगलुरु पहुंच चुके हैं. ये युवा गेंदबाज सीनियर टीम में जगह बनाने के करीब हैं या उसके लिए कुछ मैच खेल चुके हैं. पता चला है कि सीओई के प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण ने भारतीय क्रिकेट की अगली पीढ़ी को तैयार करने में मदद करने के लिए अपने पूर्व साथियों से चार से पांच दिन के विशेष शिविरों के लिए संपर्क किया था.इस घटनाक्रम से अवगत बीसीसीआई के एक सूत्र ने गोपनीयता की शर्त पर पीटीआई से कहा, लक्ष्मण ने विशेष शिविरों के लिए जहीर खान, हरभजन सिंह और अनिल कुंबले से संपर्क किया है. हरभजन ऑफ स्पिनरों के लिए चार या पांच दिवसीय शिविर के लिए अपना कार्यक्रम तैयार कर रहे हैं. वह उन उभरते हुए खिलाड़ियों की मदद करने के लिए उत्सुक हैं, जिन्होंने आयु वर्ग और भारत ए स्तर पर अच्छा प्रदर्शन किया है. माना जा रहा है कि टेस्ट और वनडे में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज अनिल कुंबले से कलाई के स्पिनरों के लिए एक शिविर आयोजित करने का अनुरोध किया गया है. ऐसा माना जा रहा है कि इंडियन प्रीमियर लीग शुरू होने से पहले विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे क्योंकि इनमें से कई खिलाड़ियों को अपनी-अपनी आईपीएल टीमों से जुड़ना होगा.