कड़ाके की सर्दी के आने में हो सकती है देर:नवंबर में बारिश के आसार; रातें रहेंगी गर्म, दिन का तापमान सामान्य से नीचे

Wait 5 sec.

इस साल देशभर में कड़ाके की सर्दी देर से आ सकती है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने शुक्रवार को दिल्ली में एक ऑनलाइन कॉन्फ्रेंस में कहा कि नवंबर में ज्यादातर हिस्सों में दिन का तापमान सामान्य से नीचे रह सकता है, जबकि रातें सामान्य से गर्म महसूस होंगी। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि ‘ला नीना’ प्रभाव में देरी इसकी मुख्य वजह है। हालांकि, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र, हिमालय की तलहटी, पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों और दक्षिणी प्रायद्वीप के कुछ इलाकों में दिन का तापमान सामान्य से ऊपर रह सकता है। रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि प्रशांत महासागर के मध्य और पूर्वी भूमध्यरेखीय हिस्से में कमजोर ला नीना की स्थिति बनी हुई है। यह स्थिति दिसंबर 2025 से फरवरी 2026 तक बनी रह सकती है। ला नीना प्रभाव में समुद्र का पानी सामान्य से ठंडा होता है। नवंबर में भी बारिश के आसारमौसम विभाग के अनुसार, नवंबर में देश के ज्यादातर हिस्सों में सामान्य से ज्यादा या सामान्य बारिश हो सकती है। हालांकि, उत्तर-पश्चिम भारत और दक्षिणी प्रायद्वीप के कुछ हिस्सों में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है। महापात्र ने बताया कि अक्टूबर में देशभर में औसतन 112.1 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से 49% ज्यादा है। यह 2001 के बाद अक्टूबर में दूसरी सबसे ज्यादा बारिश है। ​​​​​​इससे पहले, IMD ने कहा था कि अक्टूबर-दिसंबर की अवधि के दौरान अधिकांश क्षेत्रों में सामान्य से अधिक वर्षा होने की उम्मीद है। राज्यवार मौसम की खबरें पढ़ें... मध्य प्रदेश: अक्टूबर में 2.8 इंच बारिश, 121% ज्यादा; इंदौर में 10 साल का रिकॉर्ड टूटा मध्य प्रदेश में नवंबर महीने में पिछले 10 साल से ठंड के साथ बारिश का ट्रेंड भी है। इस साल भी ऐसा ही मौसम रहेगा। नवंबर के पहले हफ्ते में तेज बारिश का अलर्ट है। राज्य में अक्टूबर के दौरान औसत 2.8 इंच बारिश हुई, जो सामान्य 1.3 इंच से 121% ज्यादा है। इंदौर में 3.4 इंच बारिश हुई। यहां 10 साल में दूसरी बार अक्टूबर में इतनी अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई। पूरी खबर पढ़ें... राजस्थान: अगले 2-3 दिनों तक तापमान में बढ़ोतरी, नवंबर में सामान्य से ज्यादा बारिश, रात में सर्दी होगी राजस्थान के जयपुर, अजमेर, जोधपुर, बीकानेर और भरतपुर संभाग के क्षेत्रों में अगले 2-3 दिनों तक मौसम ड्राय रहने का अनुमान है। दिन में धूप खिलेगी और तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। उदयपुर और कोटा संभाग के जिलों में अगले 2 दिनों तक आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। इस महीने राजस्थान में सामान्य से अधिक बारिश होने और रात में सर्दी सामान्य रहने की संभावना है। पूरी खबर पढ़ें... बिहार: मोन्था के असर से पटना में तेज बारिश, 26 जिलों में अलर्ट; 2 दिन ऐसा ही रहेगा मौसम बिहार के कई जिलों में चक्रवात मोन्था का असर दिख रहा है। पटना में शनिवार सुबह से तेज बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने आज 26 जिलों में बारिश की चेतावनी दी है। इसमें 7 जिलों में ऑरेंज तो 19 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा और बिजली गिरने की भी आशंका है। माैसम विभाग के अनुसार, 2 नवंबर से माैसम साफ हाे जाएगा। पूरी खबर पढ़ें... हिमाचल प्रदेश: 4-5 नवंबर को बारिश-बर्फबारी के आसार; 10 शहरों का तापमान 10 डिग्री से भी कम हिमाचल प्रदेश के कई भागों में शनिवार को कोहरा छाएगा। मौसम विभाग ने बताया कि 4 और 5 नवंबर को बारिश-बर्फबारी के आसार बन रहे हैं। 4 नवंबर को अधिक ऊंचे क्षेत्रों में ही हल्की बारिश-बर्फबारी हो सकती है। 5 नवंबर को पूरे प्रदेश में मौसम खराब रहेगा। बारिश-बर्फबारी के बाद तापमान में हल्की गिरावट आएगी। अभी राज्य के 10 शहरों में तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम है। पूरी खबर पढ़ें... पंजाब: 5-6 नवंबर को बारिश के आसार, तापमान में गिरावट, लेकिन रातें अभी भी गर्म पंजाब में नवंबर के पहले सप्ताह में लोगों को बढ़ते प्रदूषण से जल्द राहत मिलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, 5 और 6 नवंबर को राज्य में बारिश हो सकती है। 5 और 6 नवंबर के दौरान राज्य के अधिकतर इलाकों में बादल छाए रहेंगे। कई जगहों पर मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। राज्य में अधिकतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। पूरी खबर पढ़ें...