हरियाणा में कांग्रेस संविधान बचाने और वोट चोरी के मुद्दे पर हर जिले में एक-एक बड़ा प्रदर्शन करेगी। इसकी शुरुआत करनाल से होगी। इसके बाद अलग-अलग जिलों में यह कार्यक्रम होंगे। दिल्ली के इंदिरा भवन में हरियाणा कांग्रेस के नेताओं की बैठक में यह फैसला लिया गया है। बैठक में कांग्रेस प्रदेश प्रभारी बीके हरि प्रसाद, सह प्रभारी जितेंद्र बघेल, प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, सांसद कुमारी सैलजा, सांसद दीपेंद्र हुड्डा सहित कई नेता मंच पर बैठे नजर आए। बैठक के बाद पूर्व कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने मीडिया से बात करते हुए कहा, "हरियाणा में जिस व्यापक स्तर पर चुनाव आयोग ने भाजपा से मिलीभगत करके मतदाता सूची में हेरफेर करने का काम किया है, उससे ये साबित हो गया है कि मुख्य चुनाव आयुक्त भाजपा के मुख्य पन्ना प्रमुख की भूमिका में हैं। प्रजातंत्र को बचाने के लिए हम लड़ाई लड़ेंगे जिसके लिए हमने विस्तृत कार्यक्रम तय किए हैं। हर जिले में प्रदर्शन किए जाएंगे। हर जिले में कांग्रेस के कार्यकर्ता सड़कों पर निकलेंगे और लोकतंत्र को बचाने के लिए लड़ाई लड़ेंगे।" वहीं कांग्रेस की इस बैठक में सांसद, पूर्व सांसद, विधायक, पूर्व विधायक, कांग्रेस प्रदेश कार्यकारिणी के अलावा जिलाध्यक्ष भी शामिल हुए। राहुल गांधी के वोट चोरी को लेकर उठाए मुद्दे को कांग्रेस पूरे हरियाणा में उठाने जा रही है। राहुल गांधी के हरियाणा को लेकर 2 बड़े बयान.... लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने BJP को कड़ी टक्कर दीहरियाणा में विधानसभा चुनाव से ठीक 5 महीने पहले मई में लोकसभा चुनाव के लिए वोटिंग हुई थी। इस चुनाव में भाजपा और कांग्रेस ने 5-5 सीटें जीतीं। भाजपा को 46.11% वोट मिले, जबकि कांग्रेस को 43.67% वोट मिले। 2019 लोकसभा चुनाव के मुकाबले इस चुनाव में भाजपा का वोट शेयर 12.09% घट गया था, वहीं कांग्रेस का वोट शेयर 15.25% बढ़ गया था। 2014 के बाद, राज्य में भाजपा का यह सबसे कमजोर प्रदर्शन रहा था। पार्टी ने 2014 की मोदी लहर में प्रदेश की 10 में से 7 और 2019 में सभी 10 सीटें जीती थी। 2024 में भाजपा 5 सीटें गंवा बैठी थी। दूसरी ओर, कांग्रेस की बात करें तो उसने पिछले 10 बरसों में अपना सबसे अच्छा प्रदर्शन किया। 2014 में पार्टी सिर्फ रोहतक सीट जीत पाई थी और 2019 में वह भी गंवा दी। 2024 में कांग्रेस ने वापसी करते हुए 5 सीटों पर कब्जा जमाया। कांग्रेस ने रोहतक, सोनीपत, हिसार, सिरसा और अंबाला सीट जीती। इसके अलावा भाजपा ने करनाल, कुरुक्षेत्र, गुरुग्राम, फरीदाबाद और भिवानी-महेंद्रगढ़ सीट जीती।