जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्यों के ऊंचे इलाकों में पिछले 24 घंटों से बर्फबारी जारी है। सेना ने डोडा जिले के ऊपरी इलाकों में अपने पालतू जानवरों के साथ बर्फीले तूफान में फंसे बकरवाल समुदाय के 25 आदिवासियों को बचाया है। वहीं, आज से जम्मू-कश्मीर के कटरा में वैष्णो देवी यात्रा फिर से शुरू हुई है। खराब मौसम के कारण 5 अक्टूबर से 7 अक्टूबर तक यात्रा रोकी गई थी। 3 दिन के बाद यात्रा शुरू होने से श्रद्धालु खुश हैं। सुबह से ही सैकड़ों लोग दर्शन के लिए रवाना हुए। हिमाचल प्रदेश में मंगलवार को लगातार तीसरे दिन स्नोफॉल हुआ। लाहौल-स्पीति में रात के तापमान -0.5°C दर्ज किया गया। रात में बिलासपुर जिले में निजी बस पर लैंडस्लाइड हुई। हादसे में 15 लोगों की मौत हुई है। बस में करीब 30 यात्री सवार थे। उत्तराखंड के बद्रीनाथ, केदारनाथ और हेमकुंड साहब में मंगलवार को पहली बर्फबारी हुई। हेमकुंड साहिब में 2 और 3 इंच तक स्नोफॉल हुआ। केदारनाथ में तापमान 5 डिग्री तक गिर गया। इस वक्त चारधाम यात्रा का दूसरा दौर चल रहा है। रोज 5 हजार से ज्यादा श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। बिहार में लौटते मानसून की बारिश जारी है। नेपाल में हो रही बारिश के कारण भी यहां की नदियां उफान पर हैं। यहां के 5 जिलों में बाढ़ जैसे हालात हैं। सुपौल में 5 हजार घरों में पानी भर गया। मधुबनी में एक लाख की आबादी प्रभावित है। पहाड़ी राज्यों से बर्फबारी-बारिश की 6 तस्वीरें... मैदानी राज्यों में ठंड का असर दिखना शुरू पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी का असर मैदानी राज्यों में भी दिखने लगा है। पंजाब-हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश के कई शहरों में दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। इससे ठंड बढ़ने लगी है। कई शहरों में पारा 20°C से नीचे रिकॉर्ड किया गया। राज्यों के मौसम का हाल... बिहार: आज 26 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट, मुजफ्फरपुर में उफान पर बागमती; अररिया समेत 5 जिलों में बाढ़ जैसे हालात बिहार के 26 जिलों में बुधवार को बारिश का यलो अलर्ट है। मौसम विभाग के मुताबिक, अलर्ट वाले राज्यों में 40kmph की रफ्तार से हवा चल सकती है। बिजली गिरने की भी आशंका है। हालांकि, नेपाल में हुई बारिश के कारण उत्तर बिहार की कई नदियां उफान पर हैं। इसके कारण प्रदेश के कई जिलों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। कोसी सहित उसकी सहायक नदियां उफान पर हैं। पूरी खबर पढ़ें... हरियाणा: पहाड़ों पर बर्फबारी का असर, सुबह-शाम ठंड का एहसास शुरू, दिवाली बाद बढ़ेगी सर्दी हरियाणा में 2 दिनों से एक्टिव पश्चिमी विक्षोभ का असर आज से कम हो जाएगा। इस बीच पहाड़ों पर हुई बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में भी पड़ेगा। मौसम विभाग का अनुमान है कि बुधवार से राज्य में मौसम में सुधार शुरू होगा, सुबह और शाम ठंड शुरू हो जाएगी। 8 और 9 अक्टूबर को आसमान साफ या आंशिक रूप से बादल रहने का अनुमान है। पूरी खबर पढ़ें... पंजाब: पंजाब-चंडीगढ़ में आज से मौसम साफ रहेगा, सुबह-शाम ठंड बढ़ेगी पिछले दिनों से हो रही बारिश और हिमाचल में हुई बर्फबारी की वजह से पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम बदल गया है। ठंड का एहसास होने लगा है। 24 घंटे में तापमान में 0.6 डिग्री की कमी आई है, जो कि सामान्य से 9.6 डिग्री कम है। सबसे अधिक तापमान 30.5 डिग्री गुरदासपुर में दर्ज किया गया है। आज से मौसम साफ रहने की उम्मीद है। 13 अक्टूबर तक बारिश की कोई संभावना नहीं है। पूरी खबर पढ़ें...