जरूरत की खबर- सर्दियों में जल्दी सूखते नहीं कपड़े:बढ़ता फंगल इन्फेक्शन, हाइपोथर्मिया का रिस्क, ठंड में कपड़े सुखाने के 15 हैक्स

Wait 5 sec.

सर्दियों में कपड़े सुखाना मुश्किल काम है। इन मौसम में धूप कम निकलती है, हवा में नमी रहती है और दिन छोटे हो जाते हैं। ऐसे में धोए हुए कपड़े कई बार आधे गीले रह जाते हैं और उनमें बदबू या फंगस लगने लगती है। गीले कपड़े न सिर्फ असुविधाजनक होते हैं, बल्कि स्किन और हेल्थ के लिए भी नुकसानदायक भी हैं। इसलिए जरूरी है कि कपड़ों को सही तरीके से, कम समय में और पूरी तरह सूखाया जाए। इसलिए आज ‘जरूरत की खबर’ में ठंड के मौसम में कपड़े सुखाने के हैक्स जानेंगे। साथ ही जानेंगे कि- सवाल: कपड़ों का ठीक से सूखना और नमी पूरी तरह खत्म होना क्यों जरूरी है? जवाब: कपड़े पूरी तरह नहीं सूखने पर इनमें बैक्टीरिया और फंगस जल्दी पनपते हैं। अगर नमी बनी रहे तो उससे बदबू आने लगती है। इसलिए नम कपड़े त्वचा पर खुजली या एलर्जी पैदा कर सकते हैं। गीले कपड़ों में धूल और गंदगी भी चिपकी रह जाती है, जिससे सफाई पूरी तरह नहीं हो पाती है। कम सूखे कपड़े पहनने से शरीर में ठंडक बनी रहती है, जिससे सर्दी-जुकाम का खतरा बढ़ता है। इसलिए कपड़ों को हमेशा पूरी तरह सुखाएं। इन्हें धूप में, हवा में या इनडोर ड्रायर से सुखा सकते हैं। इससे न सिर्फ कपड़े की लाइफ बढ़ती है, बल्कि अच्छे स्वास्थ्य के लिए भी जरूरी है। सवाल: कपड़ों में नमी बची रहे तो उससे क्या नुकसान होता है? जवाब: अगर कपड़ों में नमी बची रह जाए तो उसमें बैक्टीरिया और फंगस विकसित होने लगता है। ये सूक्ष्म जीव बदबू पैदा करते हैं और कपड़े पर दाग की वजह बनते हैं। नमी कपड़े की फाइबर को भी कमजोर कर देती है, जिससे वह जल्दी खराब होते हैं। इसीलिए जब भी कपड़े धोएं, तो उन्हें पूरी तरह सुखाकर ही रखें या पहनें। अगर नमी रह जाए तो उन्हें फिर से हवा या धूप में फैला दें। ऐसे कपड़े पहनने से स्किन इन्फेक्शन, रैशेज और एलर्जी हो सकती है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह ज्यादा नुकसानदायक होता है, क्योंकि उनकी त्वचा ज्यादा संवेदनशील होती है। सभी समस्याएं ग्राफिक में देखिए- सवाल: सर्दियों में कपड़े देर से क्यों सूखते हैं? जवाब: सर्दियों में हवा में नमी ज्यादा होती है और तापमान कम होता है। इससे कपड़ों में मौजूद पानी जल्दी वाष्पित नहीं हो पाता है। ठंड के मौसम में धूप कम निकलती है और दिन छोटे होते हैं। इसलिए कपड़े सूखने में समय लगता है। घर घर के अंदर कपड़े सुखा रहे हैं तो वहां हवा का सर्कुलेशन कम होता है, जिसके कारण इन्हें सूखने में और ज्यादा समय लगता है। सर्दियों में पहने जाने वाले कपड़े भी अक्सर तुलनात्मक रूप से मोटे होते हैं। इनके देर से सूखने की एक ये भी वजह है। सवाल: सर्दियों में कपड़े सुखाने के आसान हैक्स क्या हैं? जवाब: सर्दियों में कपड़े जल्दी सुखाने के लिए कुछ आसान तरीके अपनाए जा सकते हैं। सबसे पहले, कपड़े धोने के बाद वॉशिंग मशीन का एक्स्ट्रा स्पिन मोड जरूर चलाएं ताकि ज्यादा पानी निकल जाए। कपड़े हवा वाली जगह पर टांगें, जहां सूरज की रोशनी या हल्की गर्म हवा पहुंच सके। कमरे के अंदर सुखाते समय पंखा या एग्जॉस्ट चालू रखें ताकि हवा का सर्कुलेशन बना रहे। अगर धूप नहीं है तो हीटर की मदद से कपड़े सुखाएं, पर हीटर के बहुत नजदीक रखकर न सुखाएं। दो कपड़ों के बीच थोड़ा गैप रखें ताकि हवा आसानी से जा सके। छोटे कपड़े स्टीम प्रेस से हल्के गर्म करके भी जल्दी सुखाए जा सकते हैं। सवाल: आयरन या स्टीम से कपड़े सुखाना कितना सेफ है? जवाब: आयरन या स्टीम से कपड़े सुखाना सुरक्षित तो है, लेकिन सावधानी जरूरी है। हल्के गीले कपड़ों पर कम तापमान पर आयरन करने से नमी जल्दी निकल जाती है। लेकिन बहुत ज्यादा गीले कपड़ों पर ऐसा करने से फैब्रिक जल सकता है या सिकुड़ सकता है। स्टीम आयरन का इस्तेमाल तब करें जब कपड़े हल्के नम हों, इससे फाइबर को नुकसान नहीं होता और कपड़े सॉफ्ट रहते हैं। सिंथेटिक या ऊनी कपड़ों पर डायरेक्ट गर्म आयरन न रखें, वरना उनकी बनावट खराब हो सकती है। हमेशा आयरन को मीडियम हीट पर रखें और जरूरत हो तो कपड़े के ऊपर पतला कॉटन कपड़ा रखकर आयरन करें। सवाल: कॉटन, ऊन, सिंथेटिक फैब्रिक सुखाते समय क्या सावधानी जरूरी है? जवाब: हर कपड़े का फैब्रिक अलग होता है, इसलिए सुखाने के तरीके भी अलग होने चाहिए। कॉटन कपड़ों को सीधी धूप में सुखाया जा सकता है क्योंकि, वे गर्मी झेल सकते हैं। ऊनी कपड़ों को छांव या हवा वाली जगह पर फैलाकर सुखाएं, ताकि उनकी शेप खराब न हो। उन्हें टांगने से बचें क्योंकि वे खिंच सकते हैं। सिंथेटिक कपड़ों को हल्की धूप या अंदर की हवा में सुखाएं, ज्यादा गर्मी से ये पिघल सकते हैं। हर फैब्रिक के लिए लेबल पर दिए वॉश केयर इंस्ट्रक्शन पढ़ना जरूरी है। सही तरीका अपनाने से कपड़ों का रंग, फिटिंग और लाइफ लंबे समय तक बनी रहती है। सवाल: कपड़ों में नमी और स्मेल रोकने के लिए क्या करें? जवाब: कपड़ों में नमी और बदबू रोकने के लिए सबसे जरूरी है कि वे पूरी तरह सूखें। गीले कपड़े देर तक टोकरी या बैग में न रखें। धुले कपड़ों को फोल्ड करने से पहले 10-15 मिनट हवा में खुला छोड़ें ताकि बची हुई नमी निकल जाए। कपड़े सुखाने की जगह पर फफूंदी न लगे, इसके लिए समय-समय पर सफाई करें। अगर कपड़ों में हल्की बदबू आ गई हो तो विनेगर या बेकिंग सोडा वाले वॉशिंग सॉल्यूशन से दोबारा धोएं। लॉकर या अलमारी में नेफ्थलीन बॉल या ड्राई लैवेंडर बैग रखें। इससे कपड़े फ्रेश और स्मेल-फ्री बने रहते हैं। ...................... ये खबर भी पढ़िए जरूरत की खबर- ठंड में क्यों बढ़ते निमोनिया के केसेज: 8 पॉइंट्स में समझें, बचाव के लिए 11 सावधानियां जरूरी, बता रहे हैं डॉक्टर नेशनल हेल्थ इंस्टीट्यूट (NIH) की रिपोर्ट भी बताती है कि सर्दियों में वायरल संक्रमण गंभीर समस्याएं पैदा कर सकता है। साधारण सर्दी और खांसी कई बार निमोनिया का रूप ले सकती है। हालांकि सही जानकारी, समय पर पहचान और कुछ जरूरी सावधानियां अपनाकर हम निमोनिया से खुद को और अपने परिवार को सुरक्षित रख सकते हैं। पूरी खबर पढ़िए...