जरूरत की खबर- सर्दियों का सुपरफूड मूंगफली:न्यूट्रिशन का खजाना, वेटलॉस डाइट, इन बीमारियों से बचाए, जानें किन्हें नहीं खानी चाहिए

Wait 5 sec.

सर्दियों में अक्सर लोग चाय के साथ एक मुट्ठी मूंगफली खाते हैं। दरअसल, इस मौसम में गर्माहट की जरूरत होती है, जो मूंगफली से मिलती है। कई स्टडीज भी यही बताती हैं कि मूंगफली हमारी हेल्थ को कई लेवल पर सपोर्ट करती है। फिर चाहे वो ब्रेन हो, हार्ट हेल्थ हो या इम्यूनिटी। हाल ही में नीदरलैंड्स के मास्ट्रिख्त यूनिवर्सिटी मेडिकल सेंटर के शोधकर्ताओं ने मूंगफली पर एक स्टडी की। इसमें पाया गया कि मूंगफली दिमाग के ब्लड वेसेल्स को बेहतर तरीके से काम करने में मदद करती है। साथ ही याददाश्त को भी बढ़ा सकती है। इस ट्रायल के नतीजे क्लिनिकल न्यूट्रिशन जर्नल में पब्लिश हुए हैं। इसलिए आज जरूरत की खबर में जानेंगें कि- एक्सपर्ट: डॉ. अमृता मिश्रा, न्यूट्रिशियन और डाइटेटिक्स, दिल्ली सवाल- मूंगफली पर हाल ही में हुई रिसर्च की फाइंडिंग्स क्या हैं? जवाब- मूंगफली पर हुई हालिया रिसर्च में पाया गया कि रोजाना मूंगफली खाने से दिमाग के ब्लड वेसेल्स बेहतर काम करते हैं। इससे याददाश्त में भी सुधार होता है। यह स्टडी 60 से 75 साल की उम्र के 31 स्वस्थ लोगों पर की गई, जिन्हें 16 हफ्तों तक रोज 60 ग्राम (लगभग दो सर्विंग) मूंगफली खिलाई गई। रिसर्च में दिमाग से जुड़े फायदों के अलावा दिल की सेहत पर भी असर दिखा। प्रतिभागियों का सिस्टोलिक ब्लड प्रेशर औसतन 5 mmHg तक कम हुआ। वहीं पल्स प्रेशर में करीब 4 mmHg की गिरावट दर्ज की गई। सवाल- मूंगफली हमारे ब्रेन के लिए कैसे फायदेमंद है? जवाब- मूंगफली में रेस्वेराट्रॉल तत्व होता है, जो दिमाग तक ब्लड फ्लो बेहतर करने में मदद करता है। इससे स्ट्रोक का खतरा कम होता है। साथ ही शॉर्ट-टर्म मेमोरी, वर्बल फ्लुएंसी और इंफॉर्मेशन प्रोसेस करने की क्षमता बेहतर होती है। मूंगफली में मौजूद पॉलीफेनॉल भी दिमाग की सेहत के लिए फायदेमंद होते हैं। ये ब्लड सर्कुलेशन सुधारते हैं। साथ ही मूड को बेहतर रखने में मदद करते हैं। डिप्रेशन के जोखिम को भी कम कर सकते हैं। सवाल- मूंगफली में कौन–कौन से पोषक तत्व पाए जाते हैं? जवाब- मूंगफली प्रोटीन से भरपूर होती है। इसमें हेल्दी फैट्स और फाइबर भी अच्छी मात्रा में पाए जाते हैं। इसमें मौजूद मोनो और पॉलीअनसेचुरेटेड फैट्स दिल की सेहत को सपोर्ट करते हैं। वहीं फाइबर पाचन को बेहतर बनाने में मदद करता है। इसके साथ ही मूंगफली बी-विटामिन्स का भी अच्छा सोर्स है। इसमें नियासिन, फोलेट और थायमिन पाए जाते हैं। इसके अलावा मूंगफली में जरूरी मिनरल्स भी होते हैं, जैसे कि मैग्नीशियम, मैंगनीज, फॉस्फोरस और कॉपर। ये सभी शरीर की कई अहम प्रोसेस के लिए जरूरी माने जाते हैं। ग्राफिक से मूंगफली के न्यूट्रिशनल वैल्यू के बारे में समझते हैं- सवाल- सर्दियों में मूंगफली क्यों खानी चाहिए? जवाब- यह शरीर को गर्मी और ऊर्जा देती है। मूंगफली इम्यूनिटी को मजबूत करने में मदद करती है। मूंगफली स्किन की सेहत को भी बेहतर बनाती है। इसके पोषक तत्व हड्डियों को मजबूत करने में मदद करते हैं। साथ ही इसमें मौजूद फाइबर पाचन को बेहतर बनाए रखने में भी सहायक होता है। सवाल- मूंगफली खाने के क्या फायदे हैं? जवाब- मूंगफली ओवरऑल हेल्थ के लिए काफी फायदेमंद होती है। यह दिल की सेहत से लेकर के वेट कंट्रोल तक कई फायदे पहुंचाती है। एंटीऑक्सिडेंट से भरपूर मूंगफली में मौजूद एंटीऑक्सिडेंट शरीर को फ्री रेडिकल्स से होने वाले नुकसान से बचाते हैं। साथ ही यह कई तरह की क्रॉनिक बीमारियों का जोखिम कम करने में मदद करते हैं। कोलेस्ट्रॉल कम करने में मददगार मूंगफली खराब कोलेस्ट्रॉल (LDL) को घटाने में सहायक होते हैं। दिल की सेहत को बेहतर बनाते हैं। वजन नियंत्रित रखने में सहायक रिसर्च बताती है कि मूंगफली का सीमित मात्रा में सेवन वजन को कंट्रोल रखने में मदद करता है। इसमें मौजूद प्रोटीन, फाइबर और हेल्दी फैट्स पेट को जल्दी भरा हुआ महसूस कराते हैं। ब्लड शुगर नियंत्रण में मददगार मूंगफली में कार्बोहाइड्रेट कम होता है, जिससे ब्लड शुगर स्थिर रहता है। 40 अध्ययनों की समीक्षा में पाया गया कि मूंगफली इंसुलिन सेंसिटिविटी में सुधार कर सकती है। यह सीधे ब्लड शुगर नहीं घटाती, लेकिन नियमित सेवन से लंबे समय में ब्लड शुगर की समस्या को रोकने में मददगार हो सकती है। सवाल- कच्ची मूंगफली में कितना प्रोटीन होता है? जवाब- मूंगफली में 25–30% प्रोटीन होता है, जो इसे सबसे बेहतरीन प्लांट-बेस्ड प्रोटीन स्रोतों में से एक बनाता है। सवाल- मूंगफली किन बीमारियों से बचाती है? जवाब- मूंगफली कई गंभीर बीमारियों के जोखिम को कम करने में मदद कर सकती है। आइए ग्राफिक में देखें कि मूंगफली किन बीमारियों से बचाव में सहायक है। इन्हें थोड़ा विस्तार से समझते हैं- डायबिटीज का खतरा कम करती है मूंगफली लो-ग्लाइसेमिक फूड है। इसलिए इसे खाने से ब्लड शुगर अचानक नहीं बढ़ता। रिसर्च बताती है कि नियमित रूप से मूंगफली खाने वाली महिलाओं में टाइप-2 डायबिटीज का खतरा कम देखा गया है। इंफ्लेमेशन कम करती है मूंगफली में एंटीऑक्सिडेंट, हेल्दी फैट, फाइबर और ऐसे कई तत्व होते हैं, जो कि बॉडी में इंफ्लेमेशन को कम करते हैं। अध्ययनों में पाया गया है कि मूंगफली या पीनट बटर खाने वालों की बॉडी में इंफ्लेमेशन कम होता है। कैंसर से बचाव मूंगफली में मौजूद एंटीऑक्सिडेंट कैंसर से सुरक्षा में मदद कर सकते हैं। इसमें मौजूद रेस्वेराट्रॉल कई तरह के कैंसर के जोखिम को कम करने में मददगार होते हैं। अल्जाइमर से सुरक्षा मूंगफली में रेस्वेराट्रॉल, विटामिन E और नियासिन प्रचुर मात्रा में होते हैं, जो दिमाग की सेल्स को सुरक्षित रखने में मदद कर सकते हैं। अल्जाइमर के रिस्क को कम करते हैं। पित्ताशय की सेहत नियमित रूप से मूंगफली खाने वाली महिलाओं में पित्ताशय की सर्जरी (गॉलब्लैडर स्टोन) की जरूरत कम पाई गई। पुरुषों में भी मूंगफली खाने से गॉलब्लैडर स्टोन का खतरा कम देखा गया है। सवाल- किन लोगों को मूंगफली नहीं खानी चाहिए? जवाब- फायदों के बावजूद मूंगफली हर किसी के लिए सुरक्षित नहीं है। कुछ हेल्थ कंडीशन में इसे खाते हुए सावधानी बरतनी चाहिए। ग्राफिक्स से समझिए कि किन्हें इसका सेवन नहीं करना चाहिए– सवाल- कच्ची मूंगफली को डाइट में कैसे शामिल करें? जवाब- मूंगफली को अपनी रोजमर्रा की डाइट में शामिल करना बेहद आसान है। इन्हें कई तरह से डाइट में शामिल किया जा सकता है- हेल्दी ब्रेकफास्ट मूंगफली रात में भिगोकर सुबह गुड़ के साथ भी खा सकते हैं। इससे ताकत बढ़ती है। साथ ही एक मुट्ठी कच्ची मूंगफली जल्दी और भरपेट स्नैक का काम करती है। स्मूदी सुबह की स्मूदी में एक छोटी मुट्ठी मूंगफली मिलाने से प्रोटीन और टेस्ट दोनों बढ़ जाता है। सलाद सलाद पर कच्ची मूंगफली छिड़कने से क्रंच और पोषण दोनों ही मिलता है। होममेड पीनट बटर बाजार के पीनट बटर की बजाय घर पर बिना चीनी और प्रिजर्वेटिव वाला पीनट बटर बनाएं। ये आपको लंबे समय तक भूख नहीं लगने देता, जिससे ओवरईटिंग कम होती है। मूंगफली के सेवन से जुड़े कुछ कॉमन सवाल और जवाब सवाल- क्या वजन घटाने के लिए पीनट बटर खा सकते हैं? जवाब- हां, अगर आप इसे सीमित मात्रा में खाएं तो इसे वेटलॉस डाइट में भी शामिल किया जा सकता है। सवाल- क्या ज्यादा मूंगफली खाना नुकसानदायक भी हो सकता है? जवाब- हेल्दी चीज भी जरूरत से ज्यादा खाई जाए तो नुकसान कर सकती है। दरअसल, ज्यादा मात्रा में खाने से कैलोरी बढ़ जाती है, जिससे वजन बढ़ सकता है। इसके अलावा बहुत अधिक मूंगफली खाने पर ब्लोटिंग, गैस या पेट में ऐंठन हो सकती है। ....................................... जरूरत की ये खबर भी पढ़िए... जरूरत की खबर- सर्दियों का सुपरफूड सिंघाड़ा:फाइबर और एंटीऑक्सिडेंट्स से भरपूर, 10 हेल्थ बेनिफिट्स, जानें किसे नहीं खाना चाहिए सर्दियों के मौसम में बाजारों में वाटर चेस्टनट यानी सिंघाड़ा खूब देखने को मिलता है। पानी में उगने वाला यह कंद अपने अनूठे स्वाद और गुणों के लिए जाना जाता है। आयुर्वेद में इसे पौष्टिक और ठंडी तासीर वाला कंद बताया गया है, जो हार्ट हेल्थ के लिए बेहद फायदेमंद है। पूरी खबर पढ़िए...