इमरान खान के असिस्टेंट पर ब्रिटेन में हमला, नाक-जबड़ा टूटा:आसिम मुनीर पर आरोप लगाया; दो साल पहले एसिड अटैक हुआ था

Wait 5 sec.

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की सरकार में विशेष सहायक (SAPM) रहे मिर्जा शहजाद अकबर पर ब्रिटेन में एक बार फिर जानलेवा हमला हुआ है। यह हमला उस समय हुआ, जब वह कैम्ब्रिज शहर में अपने घर पर मौजूद थे। मिर्जा अकबर ने इस हमले के लिए पाकिस्तानी सेना प्रमुख आसिम मुनीर को जिम्मेदार बताया है। इस घटना में उनके चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं और उनकी नाक व जबड़े में फ्रैक्चर हुआ है। फिलहाल उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) पार्टी ने भी इस घटना की जानकारी देते हुए कहा कि हमला सुबह के समय हुआ। पार्टी के मुताबिक, हमलावर ने अकबर के घर में घुसकर उनके चेहरे पर बार-बार मुक्के मारे, जिससे उनकी नाक और जबड़ा टूट गया। घटना के बाद लोकल पुलिस मौके पर पहुंची, सबूत इकट्ठा किए और जांच शुरू कर दी है। 3 साल से ब्रिटेन में रह रहे हैं मिर्जा अकबर मिर्जा अप्रैल 2022 में पाकिस्तान छोड़ने के बाद से अकबर ब्रिटेन में रह रहे हैं। उन्होंने खुद कहा है कि वह मर्जी से निर्वासन में जीवन बिता रहे हैं, क्योंकि पाकिस्तान में उनकी जान को खतरा था। इससे पहले भी उन पर हमला हो चुका है। नवंबर 2023 में उनके घर पर एक नकाबपोश इंसान ने तेजाब फेंका था। उस हमले में वह बाल-बाल बच गए थे। उस समय उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा था कि उन्हें डराने की कोशिश की जा रही है, लेकिन वह न तो डरेंगे और न ही झुकेंगे। उन्होंने इस हमले के पीछे भी साजिश का आरोप लगाया था। मिर्जा अकबर का कहना है कि इन हमलों का संबंध इमरान खान से जुड़े अल-कादिर ट्रस्ट मामले से है। उनका आरोप है कि पाकिस्तान की कुछ ताकतें और सुरक्षा एजेंसियां उन पर दबाव डाल रही हैं कि वह इस मामले में इमरान खान के खिलाफ गवाही दें। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने ऐसा करने से इनकार किया, तो उन्हें धमकियां मिलने लगीं और फिर उनके ऊपर हमले किए गए। अकबर को कई महीने से धमकी मिल रही थी अकबर ने यह भी बताया कि पिछले कुछ महीनों में उन्हें लगातार धमकी भरे मैसेज मिल रहे थे। इन संदेशों में उनसे कहा गया था कि वह अपना रास्ता सुधार लें, वरना इसके गंभीर नतीजे होंगे। उनके मुताबिक, उन्होंने इस बारे में ब्रिटेन की पुलिस को पहले भी जानकारी दी थी। तेजाब हमले के बाद अप्रैल 2024 में मिर्जा अकबर ने ब्रिटेन की अदालत में पाकिस्तान सरकार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि 2023 में हुए तेजाब हमले में पाकिस्तान के कुछ सरकारी लोगों की भूमिका हो सकती है। हालांकि पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए उन्हें बेबुनियाद बताया था। पाकिस्तानी अदालत ने घोषित अपराधी करार दिया पाकिस्तान में भी मिर्जा अकबर की कानूनी मुश्किलें भी बढ़ी हुई हैं। इस्लामाबाद की एक अदालत ने सोशल मीडिया X पर विवादित बयानों के एक मामले में उन्हें घोषित अपराधी करार दिया है। इसके बाद पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने ब्रिटेन की उच्चायुक्त जेन मैरियट से मुलाकात कर अकबर के प्रत्यर्पण से जुड़े दस्तावेज भी सौंपे हैं। हालांकि पाकिस्तान और ब्रिटेन के बीच कोई औपचारिक प्रत्यर्पण संधि नहीं है, लेकिन दोनों देशों के बीच एक ऐसा समझौता मौजूद है, जिसके तहत अपराध में शामिल या इमीग्रेशन नियमों का उल्लंघन करने वाले पाकिस्तानी नागरिकों को ब्रिटेन से वापस भेजा जा सकता है। फिलहाल मिर्जा शहजाद अकबर का इलाज चल रहा है और उनकी हालत पर नजर रखी जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हमलावर कौन था, उसने यह हमला क्यों किया। क्या इसका संबंध पहले हुए तेजाब हमले या किसी राजनीतिक साजिश से है। इस घटना ने एक बार फिर ब्रिटेन में रह रहे पाकिस्तानी राजनीतिक शरणार्थियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। ------------- यह खबर भी पढ़ें.. पाकिस्तान की सरकारी एयरलाइन PIA नीलाम:आरिफ हबीब ग्रुप ने 4320 करोड़ रुपए में खरीदा; उम्मीद से ज्यादा कीमत पर बिकी पाकिस्तान की सरकारी एयरलाइन कंपनी पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस (PIA) नीलाम हो गई है। आरिफ हबीब ग्रुप ने 4320 करोड़ रुपए में PIA को खरीद लिया है। PAK सरकार ने एयरलाइन की बिक्री के लिए 3200 करोड़ रुपए का अनुमान लगाया था, हालांकि उसे 1320 करोड़ रुपए ज्यादा मिले हैं। पढ़ें पूरी खबर...