यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने क्रिसमस पर रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के मौत की कामना की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो मैसेज में पुतिन का नाम लिए बिना कहा- रूस ने यूक्रेन को बहुत दुख-दर्द दिए है। आज भी हम सभी का एक ही सपना है। हमारी इच्छा है कि वह नष्ट हो जाए। जेलेंस्की की यह क्रिसमस की इच्छा ऐसे समय पर आई है, जब रूस ने मंगलवार को यूक्रेन पर मिसाइलों और ड्रोन से हमले किए। इन हमलों में कम से कम 3 लोगों की मौत हुई और कई इलाकों में बिजली गुल हो गई। अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी अन्य बड़ी खबरें... बांग्लादेश में हिंदुओं पर हमले की जानकारी देने वालों को पुलिस इनाम देगी, बढ़ते हमलों के चलते फैसला बांग्लादेश के चटगांव में हिंदू परिवारों के घरों पर हो रहे हमलों के बीच पुलिस ने हमलावरों की जानकारी देने वालों के लिए इनाम की घोषणा की है। यह फैसला हिंदू परिवार के घर में आग लगाने की घटना के बाद लिया गया। चटगांव रेंज के पुलिस चीफ अहसान हबीब ने राओजान इलाके में जले हुए घर का दौरा करते हुए ये घोषणा की। घर कतर में काम करने वाले शुख शिल और अनिल शिल का बताया गया है। हालांकि, इनाम की राशि का खुलासा अभी नहीं किया गया है। बांग्लादेशी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मंगलवार रात कुछ लोगों ने घर में आग लगा दी थी। गनीमत ये रही कि परिवार के सदस्य सुरक्षित बाहर निकल गए। पीड़ित परिवारों ने बताया कि आग लगने के दौरान घर के दरवाजे बाहर से बंद कर दिए गए थे। घर के भीतर मौजूद 8 लोग टीन की चादरें और बांस की लकड़ियां काटकर बाहर निकले। इस मामले में पुलिस ने अब तक पांच संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। इलाके में पुलिस की विशेष टीम तैनात की गई है। इसके अलावा मयमनसिंह में 28 वर्षीय हिंदू दीपू चंद्र दास की हत्या के मामले में अब तक 12 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। ‘द गार्जियन’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2025 में बांग्लादेश में मॉब लिंचिंग से 184 लोगों की मौत हो चुकी है। तुर्किए में क्रिसमस पर हमले की साजिश रच रहा था इस्लामिक स्टेट, 115 संदिग्ध हिरासत में तुर्किए की पुलिस ने क्रिसमस और नए साल के मौके पर आतंकी हमलों की तैयारी कर रहे 115 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के इस्लामिक स्टेट (ISIS) से जुड़े होने की संभावना है। वे गैर-मुस्लिम समुदायों को निशाना बनाने की प्लानिंग कर रहे थे। इस्तांबुल के चीफ प्रोसिक्यूटर ऑफिस के अधिकारियों ने बताया कि खुफिया जानकारी मिलने के बाद शहर में एक साथ 124 अलग-अलग जगहों पर छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान पुलिस ने पिस्तौल और गोलियां भी बरामद की। अधिकारियों का मानना है कि आरोपी क्रिसमस और न्यू ईयर के जश्न के दौरान भीड़भाड़ वाले इलाकों और धार्मिक स्थलों पर हमला करने की तैयारी में थे। इनकी योजना खासतौर पर विदेशी नागरिकों और पर्यटकों को निशाने बनाने की थी। सुरक्षा एजेंसियों ने इस्तांबुल और अंकारा समेत बड़े शहरों में सुरक्षा बढ़ा दी है। सरकार ने कहा है कि नए साल तक पुलिस और सुरक्षा बल पूरी तरह सतर्क रहेंगे और किसी भी आतंकी साजिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा। कनाडा में इलाज में देरी से भारतीय मूल के व्यक्ति की मौत, 8 घंटे इंतजार के बाद अस्पताल में तोड़ा दम कनाडा के एडमंटन शहर में भारतीय मूल के 44 वर्षीय व्यक्ति की अस्पताल में इलाज का इंतजार करते हुए मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रशांत श्रीकुमार के रूप में हुई है। आरोप है कि सीने में तेज दर्द की शिकायत के बावजूद उन्हें करीब 8 घंटे तक सही इलाज नहीं मिला। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 22 दिसंबर को काम के दौरान प्रशांत को सीने में तेज दर्द हुआ। उनके क्लाइंट उन्हें तुरंत एडमंटन के ग्रे नन्स अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में शुरुआती जांच (ट्रायेज) के बाद उन्हें वेटिंग रूम में बैठने को कहा गया। डॉक्टरों ने सिर्फ ECG किया और कहा कि कोई गंभीर बात नहीं है। इसके बाद उन्हें सिर्फ टायलेनॉल (दर्द की दवा) दी गई और फिर से इंतजार करने को कहा गया। इस दौरान प्रशांत के पिता कुमार श्रीकुमार भी अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने बताया कि उनका बेटा बार-बार कह रहा था, पापा, मुझसे अब दर्द बर्दाश्त नहीं हो रहा। परिजनों का कहना है कि इंतजार के दौरान प्रशांत का ब्लड प्रेशर लगातार बढ़ता गया और एक समय यह 210 तक पहुंच गया, लेकिन इसके बावजूद कोई ठोस इलाज नहीं किया गया। नर्सें सिर्फ ब्लड प्रेशर चेक करती रहीं। करीब 8 घंटे बाद जब प्रशांत को आखिरकार इमरजेंसी रूम में बुलाया गया, तो वह कुर्सी पर बैठने के कुछ ही सेकेंड बाद अचानक गिर पड़े और उनकी मौत हो गई। पिता के मुताबिक, “वह बैठे, सीने पर हाथ रखा और 10 सेकेंड में गिर पड़े।” नर्सों ने मदद के लिए कॉल किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। आशंका है कि प्रशांत की मौत कार्डियक अरेस्ट से हुई। प्रशांत अपने पीछे पत्नी और तीन बच्चों (उम्र 3, 10 और 14 साल) को छोड़ गए हैं। ग्रे नन्स अस्पताल ने घटना पर दुख जताया है, लेकिन मरीज की गोपनीयता का हवाला देते हुए इलाज से जुड़ी जानकारी देने से इनकार किया है। अस्पताल का कहना है कि मरीजों की सुरक्षा और देखभाल उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। इस मामले का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें प्रशांत की पत्नी पूरे घटनाक्रम को बयां करती दिख रही हैं और कह रही हैं कि इतना ज्यादा ब्लड प्रेशर होने के बावजूद उनके पति को सिर्फ टायलेनॉल दी गई। इमरान खान के सहायक पर ब्रिटेन में हमला, नाक और जबड़ा टूटा, आसिम मुनीर पर आरोप लगाया पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के सहायक रहे मिर्जा शहजाद अकबर पर ब्रिटेन में हमला हुआ है। वह अप्रैल 2022 से वहां रह रहे हैं। मिर्जा अकबर ने आरोप लगाया कि उन पर पाकिस्तान के आर्मी आसिम मुनीर के आदेश पर हमला हुआ है। मिर्जा को गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी नाक और जबड़ा टूट गया। पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी के मुताबिक, यह हमला ब्रिटेन के कैम्ब्रिज शहर में उनके घर पर हुआ। घटना के बाद लोकल पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। यह पहली बार नहीं है जब अकबर पर हमला हुआ हो। इससे पहले नवंबर 2023 में भी उनके घर पर एक नकाबपोश व्यक्ति ने उन पर तेजाब फेंका था। उस समय अकबर ने कहा था कि वह इन हमलों से डरने वाले नहीं हैं और पीछे हटेंगे नहीं। अकबर का कहना है कि ये हमले राजनीतिक कारणों से हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इमरान खान से जुड़े अल-कादिर ट्रस्ट मामले में उन पर दबाव बनाया जा रहा है कि वे पूर्व प्रधानमंत्री के खिलाफ बयान दें। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले कुछ महीनों में उन्हें धमकी भरे संदेश मिलते रहे हैं, जिनमें कहा गया था कि अगर उन्होंने अपना रास्ता नहीं बदला तो अंजाम भुगतना पड़ेगा। अकबर ने तेजाब हमले के बाद अप्रैल 2024 में ब्रिटेन की अदालत में पाकिस्तान सरकार के खिलाफ केस भी दायर किया था। हालांकि पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने उनके आरोपों को गलत और बेबुनियाद बताया है। इस बीच, पाकिस्तान की एक अदालत ने सोशल मीडिया पर दिए गए बयानों से जुड़े एक मामले मे अकबर को घोषित अपराधी करार दिया है। इसके बाद पाकिस्तान के गृह मंत्री ने ब्रिटेन के उच्चायुक्त से मिलकर अकबर के प्रत्यर्पण से जुड़े कागजात भी सौंपे हैं। रूस के याकूतिया में तापमान -56 डिग्री, ये धरती पर सबसे कम; -60 डिग्री पहुंचने की आशंका रूस के याकूतिया में जबरदस्त ठंड पड़ रही है। यहां तापमान -56 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है, जो इस समय धरती पर सबसे कम माना जा रहा है। इतनी ठंड में खुली जगह पर कुछ ही मिनटों में शरीर सुन्न हो सकता है। याकूतिया के टिकसी गांव में पिछले तीन दिनों से तेज बर्फीला तूफान चल रहा है। चारों तरफ बर्फ ही बर्फ नजर आ रही है। तेज हवा के साथ उड़ती बर्फ ने लोगों का बाहर निकलना बहुत मुश्किल कर दिया है। हालात को देखते हुए प्रशासन ने सभी स्कूलों में छुट्टी कर दी है और छोटे बच्चों के किंडरगार्टन भी बंद कर दिए गए हैं, ताकि बच्चे सुरक्षित रहें। लगातार हो रही बर्फबारी से कई घरों के मुख्य दरवाजों तक बर्फ जम गई है। कुछ जगहों पर तो बर्फ इतनी ज्यादा है कि लोग अपने घरों से बाहर ही नहीं निकल पा रहे हैं। कई परिवारों को जरूरी सामान पाने में भी दिक्कत हो रही है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है और तापमान -60 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। लोगों को सलाह दी गई है कि बहुत जरूरी काम होने पर ही बाहर निकलें। स्थानीय प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर मदद पहुंचाने की तैयारी कर रहा है। लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। नाइजीरिया के मैडुगुरी में मस्जिद में धमाका, कई लोगों की मौत की खबर नाइजीरिया के बोर्नो राज्य की राजधानी मैडुगुरी में बुधवार को शाम की नमाज के दौरान मस्जिद में जोरदार धमाका हुआ, जिसमें कई लोगों के मौत की खबर है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह बम विस्फोट हो सकता है। हालांकि अभी तक किसी भी सशस्त्र समूह ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। मैडुगुरी बोर्नो राज्य की राजधानी है और लंबे समय से यह क्षेत्र बोको हरम और इसके गुट इस्लामिक स्टेट वेस्ट अफ्रीका प्रांत (ISWAP) की हिंसा का केंद्र रहा है। हालांकि, शहर में पिछले कुछ सालों में कोई बड़ा हमला नहीं हुआ था। सुरक्षा बल मामले की जांच कर रहे हैं और इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है। 17 साल बाद बांग्लादेश लौट रहे खालिदा जिया के बेटे:एक लाख कार्यकर्ता करेंगे स्वागत, प्रधानमंत्री बनने के सबसे बड़े दावेदार बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के बेटे तारिक रहमान आज 17 साल बाद देश लौटेंगे। एयरपोर्ट के पास उनका स्वागत करने के लिए उनकी पार्टी BNP के 1 लाख कार्यकर्ता जुटेंगे। रहमान गिरफ्तारी से बचने के लिए 2008 में लंदन भाग गए थे। तब हसीना सरकार में उनके खिलाफ भ्रष्टाचार के कई मामले चल रहे थे। बांग्लादेश में अगले साल 12 फरवरी को आम चुनाव होने हैं। शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग को बैन कर दिया गया है। ऐसे में बांग्लादेशी नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) चुनाव जीतने की सबसे बड़ी दावेदार है। BNP की अध्यक्ष खालिदा जिया की उम्र 80 साल हो चुकी है और बहुत बीमार चल रही हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि रहमान अगले PM के दावेदार हो सकते हैं। पढ़ें पूरी खबर... ट्रेड वार्ता में भारत का अमेरिका को फाइनल ऑफर:टैरिफ 50% से घटाकर 15% करो, रूसी तेल पर लगी पेनाल्टी भी खत्म हो भारत ने अमेरिका के सामने ट्रेड वार्ता में अपना आखिरी प्रस्ताव रख दिया है। भारत चाहता है कि उस पर लगाए गए कुल 50% टैरिफ को घटाकर 15% किया जाए और रूस से कच्चा तेल खरीदने पर जो एक्सट्रा 25% पेनाल्टी लगाई गई है, उसे पूरी तरह खत्म किया जाए। दोनों देशों के बीच चल रही इस वार्ता से उम्मीद है कि नए साल में कोई ठोस फैसला निकल सकता है। दोनों देशों के बीच एक व्यापक द्विपक्षीय व्यापार समझौते (BTA) पर बातचीत चल रही है, लेकिन अधिकारियों का मानना है कि इसे इस साल के अंत तक पूरा करना मुश्किल है। अब उम्मीद जनवरी में है, जब नए व्यापार आंकड़े आएंगे और बातचीत में तेजी आ सकती है। इस हफ्ते भारत और अमेरिका की व्यापार टीमों के बीच दिल्ली में बैठक हुई। बातचीत दो मुद्दों पर हो रही है। पहला एक बड़े और स्थायी व्यापार समझौते पर और दूसरा अमेरिका की तरफ से भारत पर लगाए गए 50% टैरिफ को हटाने या कम करने के लिए एक फ्रेमवर्क समझौते पर। पढ़ें पूरी खबर...