IND vs ENG: आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्डकप 2026 का सेमीफाइनल मुकाबला 4 मार्च 2026 को मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में भारत और इंग्लैंड के बीच खेला जाएगा. इस बड़े मैच से पहले दोनों टीमों के खिलाड़ियों के आंकड़े चर्चा में हैं, खासकर वे बल्लेबाज जिन्होंने इस प्रतिद्वंद्विता में सबसे ज्यादा रन बनाए हैं.विराट कोहली सबसे आगेभारत की ओर से विराट कोहली इस मुकाबले में सबसे सफल बल्लेबाज रहे हैं. टी20 फॉर्मेट से संन्यास ले चुके कोहली ने इंग्लैंड के खिलाफ 21 टी20 पारियों में 648 रन बनाए हैं. उनका औसत 38 से ज्यादा है और स्ट्राइक रेट 135 के आसपास रहा है. पांच अर्धशतक उनके नाम हैं, जो बताता है कि बड़े मैचों में वह लगातार रन बनाते रहे हैं.बटलर की मजबूत चुनौतीइंग्लैंड के अनुभवी खिलाड़ी जोस बटलर भी पीछे नहीं हैं. उन्होंने भारत के खिलाफ 644 रन बनाए हैं. उनका स्ट्राइक रेट 143 से ज्यादा है, जो उनकी आक्रामक बल्लेबाजी का सबूत है. पांच फिफ्टी के साथ बटलर कई बार मैच का रुख बदल चुके हैं. सेमीफाइनल में भी भारत को उनके खिलाफ मजबूत रणनीति तैयार करनी होगी.रोहित और हार्दिक का दमपूर्व कप्तान और इस फॉर्मेट को अलविदा कह चुके रोहित शर्मा ने भी भारत के लिए अहम योगदान दिया है. उनके नाम 467 रन दर्ज हैं, जिसमें एक शतक भी शामिल है. वहीं टी20 वर्ल्डकप 2026 में शानदार फॉर्म में चल रहे हार्दिक पांड्या का नाम भी इस लिस्ट में शामिल हैं. उन्होंने 400 से ज्यादा रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट लगभग 148 है. गेंदबाजी के साथ- साथ वह तेज रन बनाने की क्षमता भी रखते हैं, जो टी20 में बेहद अहम होती है.जेसन रॉय का रिकॉर्डइंग्लैंड के जेसन रॉय ने भी भारत के खिलाफ 356 रन बनाए हैं. हालांकि उनका औसत अन्य बल्लेबाजों की तुलना में कम है, लेकिन उनकी तेज शुरुआत कई बार टीम के लिए फायदेमंद रही है.सेमीफाइनल में कौन मारेगा बाजी?वानखेड़े की पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है. ऐसे में उम्मीद है कि एक बार फिर बड़े स्कोर देखने को मिल सकते हैं. भारत और इंग्लैंड के बीच मुकाबले हमेशा रोमांचक रहे हैं और इस बार दांव पर फाइनल का टिकट है. आंकड़े बताते हैं कि अनुभव और फॉर्म दोनों टीमों के पास है. अब देखना यह है कि सेमीफाइनल के दबाव में कौन सा बल्लेबाज अपनी टीम को जीत की राह दिखाता है.