पाकिस्तानी क्रिकेटर ने महिला स्टाफ से की छेड़छाड़, टी20 वर्ल्ड कप के बीच हुई घटना; जानें पूरा मामला

Wait 5 sec.

पाकिस्तान क्रिकेट टीम 2026 टी20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup 2026) के सेमीफाइनल के लिए लिए क्वालीफाई नहीं कर सकी. टीम ने श्रीलंका के खिलाफ आखिरी मुकाबले में जीत हासिल की, लेकिन फिर भी टीम नॉकआउट स्टेज में कदम नहीं रख सकी. वहीं अब सामने आई एक रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा हुआ, जिसमें बताया गया कि टी20 विश्व कप के दौरान पाकिस्तान के एक खिलाड़ी ने महिला स्टाफ के साथ छेड़छाड़ की. बता दें कि पाकिस्तान ने टी20 टूर्नामेंट के मुकाबले श्रीलंका में खेले. टीम के शुरुआती पांच मैच कोलंबो में हुए. इसके बाद पाक टीम कैंडी आई. टेलिकॉम एशिया स्पोर्ट के मुताबिक, कैंडी के होटल गोल्डन क्राउन में सुपर-8 के आखिरी मुकाबले (श्रीलंका के खिलाफ) से पहले अज्ञात पाकिस्तानी खिलाड़ी ने महिला स्टाफ के साथ छेड़छाड़ की. बताया गया कि खिलाड़ी ने हाउस कीपिंग स्टाफ की एक महिला के साथ अनुचित व्यवहार किया. पाकिस्तान ने सुपर-8 का दूसरा मैच इंग्लैंड के खिलाफ 24 फरवरी को खेला, जिसमें उन्हें हार का सामना करना पड़ा. घटना इसके बाद 25 से 28 फरवरी के दरमियान हुई. टीम मैनेजर के पास पहुंचा मामला यह मामला पाकिस्तान टीम मैनेजर नावेद चीमा के पास पहुंचा. उन्होंने खिलाड़ी की तरफ से होटल से माफी मांगी. अगर टीम मैनेजर वहां नहीं होते, तो खिलाड़ी बहुत बड़ी मुसीबत में फंस सकता था. गौर करने वाली बात यह है कि पाकिस्तानी खिलाड़ी पर पीसीबी की तरफ से जुर्माना लगाए जाने की संभावना है. इसके अलावा अनुशासनात्मक कार्रवाई भी हो सकती है. सुपर-8 में पाकिस्तान का बुरा हाल गौरतलब है कि सुपर-8 में पाकिस्तान को खराब प्रदर्शन के चलते बाहर होना पड़ा. न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाला टीम का पहला मुकाबला बारिश में धुल गया. इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए दूसरे मैच में पाकिस्तान को हार का सामना करना पड़ा. इसके बाद टीम ने श्रीलंका के खिलाफ आखिरी मैच में जीत दर्ज की, लेकिन खराब नेट रनरेट के चलते सेमीफाइनल में नहीं पहुंच सकी.