ईरान और इजरायल-अमेरिका के बीच शुरू हुआ युद्ध कई खाड़ी देशों तक पहुंच चुका है, इसमें UAE का दुबई भी शामिल है. ईरान ने कई खाड़ी देशों पर मिसाइल से हमले किए हैं. पर इसी बीच युद्ध से जोड़कर ऐसे विजुअल भी शेयर हो रहे हैं जिनका सच्चाई से कोई संबंध नहीं. दावा: इसी कड़ी में एक बिल्डिंग से धुएं की लपटें उठने का वीडियो इस कैप्शन के साथ शेयर किया जा रहा है कि, "दुबई में अमरीका का CIA हेडक्वार्टर जो मौजूद था ईरान ने तबाह कर दिया."इस पोस्ट का अर्काइव यहां देखें(ऐसे ही दावा करने वाले अन्य पोस्ट के अर्काइव यहां और यहां देख सकते हैं. )जी न्यूज हिंदी ने इस वीडियो को इस दावे के साथ शेयर किया था, "VIDEO: ईरान ने CIA हेडक्वॉर्टर कर दिया तबाह, UAE में मौजूद इमारत बनी खंडहर."इस रिपोर्ट का अर्काइव यहां देखा जा सकता है. क्या यह दावा सही है ? नहीं, यह दावा सही नहीं है.यह वीडियो हालिया नहीं है बल्कि 2015 का है जब संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के शारजाह में स्थित एक ऊंची रिहायशी इमारत में आग लग गई थी. वायरल वीडियो का हालिया ईरान-इजरायल और अमेरिका के युद्ध से कोई संबंध नहीं है. हमने सच का पता कैसे लगाया ? हमने वायरल वीडियो पर गूगल लेंस की मदद से इमेज सर्च ऑप्शन कस इस्तेमाल किया. हमारी सर्च में हमें यही वीडियो दुबई के The National News नाम के यूट्यूब चैनल पर दिखाई दिया.इस चैनल पर इस वीडियो को 01 अक्टूबर 2015 को अपलोड किया गया था और इसके टाइटल में लिखा था, "शारजाह सिटी सेंटर में एक ऊंचे रिहायशी टावर में आग लग गई."दोनों वीडियो को आपस में मिलाने पर हमने पाया कि वायरल वीडियो The National News में दिखाई गई वीडियो से मेल खा रही थी. दोनों वीडियो आपस में मेल खा रहे थे. यहां से अंदाजा लगाकर हमने इससे जुड़े कीवर्ड्स सर्च किए, हमें BBC की 01 अक्टूबर 2015 की यह न्यूज रिपोर्ट मिली जिसमें वायरल वीडियो से मेल खाते हुए दृश्य थे.इस रिपोर्ट में लिखा था, "संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के शारजाह में एक ऊंची रिहायशी इमारत में आग लग गई, जिससे हवा में घने काले धुएं का गुबार फैल गया." इसमें आगे लिखा था कि, "आग से किसी के मरने की तुरंत कोई खबर नहीं है, आग लगने का कारण पता नहीं है." BBC की इस रिपोर्ट में वायरल वीडियो से मेल खाते हेउ दृश्य देखें जा सकते हैं. निष्कर्ष: शारजाह की एक ईमारत में आग लगने के पुराने वीडियो को हालिया ईरान-इजरायल युद्ध का बताकर भ्रामक दावों के साथ शेयर किया जा रहा है. (अगर आपके पास भी ऐसी कोई जानकारी आती है, जिसके सच होने पर आपको शक है, तो पड़ताल के लिए हमारे वॉट्सऐप नंबर 9540511818 या फिर मेल आइडी webqoof@thequint.com पर भेजें. सच हम आपको बताएंगे. हमारी बाकी फैक्ट चेक स्टोरीज आप यहां पढ़ सकते हैं.)