बॉलीवुड फिल्मों में जब रोल किसी कलाकार को ऑफर किया जाता है और वो उन्हें ठुकरा देते है. तब बाद में वही रोल किसी दूसरे एक्टर के करने से यादगार बन जाता है. आदित्य धर की फिल्म 'धुरंधर' में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला. इस फिल्म में रहमान डकैत का किरदार निभाकर अक्षय खन्ना ने खूब तारीफ बटोरी, लेकिन बहुत कम ही लोग जानते हैं कि वो इस रोल के लिए पहली पसंद नहीं थे. हाल ही में फिल्म के कास्टिंग डायरेक्टर ने इस बारे में दिलचस्प खुलासा किया है, जिसने फैंस को हैरान कर दिया है.3 कलाकारों ने ठुकराया रोल बॉलीवुड हंगामा के साथ एक इंटरव्यू में कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा ने बताया कि रहमान डकैत का रोल पहले तीन अलग-अलग एक्टर्स को ऑफर किया गया था, लेकिन सभी ने इसे करने से मना कर दिया. इनमें से एक एक्टर साउथ इंडस्ट्री से थे और दो बॉलीवुड के थे. हालांकि उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन कहा कि उन एक्टर्स ने अजीब वजह देकर इस रोल को ठुकरा दिया. उनका कहना था कि ये एक मल्टी-स्टारर फिल्म है और इसे रणवीर सिंह की फिल्म कहा जा रहा था, इसलिए उन्होंने इसमें दिलचस्पी नहीं दिखाई. मुकेश ने बताया कि उन्हें इस बात का थोड़ा बुरा भी लगा, क्योंकि किसी भी एक्टर को चुनने से पहले काफी विचार किया जाता है. इसके बाद उन्होंने अक्षय खन्ना के बारे में सोचा. खास बात ये रही कि अक्षय ने तुरंत स्क्रिप्ट सुनी और एक ही दिन में फिल्म के लिए हां कर दी. मुकेश ने उनकी तारीफ करते हुए कहा कि अक्षय उन कलाकारों में से हैं, जो दिल से फैसले लेते हैं और दूसरों की राय से ज्यादा प्रभावित नहीं होते.फिल्म को मिली जबरदस्त प्रतिक्रिया बता दें, 'धुरंधर' की कहानी कराची के लयारी इलाके पर है, जो अपराध के लिए जाना जाता है. फिल्म में अक्षय खन्ना ने रहमान डकैत का किरदार निभाया, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया. वहीं रणवीर सिंह एक स्पाई एजेंट के रोल में दिखे, जो पाकिस्तान में घुसकर मिशन को अंजाम देता है. फिल्म में अर्जुन रामपाल, आर. माधवन, सारा अर्जुन और राकेश बेदी भी नजर आए हैं. 'धुरंधर' के पहले पार्ट को दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला था और अब इसका दूसरा पार्ट भी सिनेमाघरों में जबरदस्त कमाई कर रहा है.