ICC Men's T20 World Cup 2026: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 में टीम इंडिया को साउथ अफ्रीका के खिलाफ 76 रनों के बड़े अंतर से हार झेलनी पड़ी थी. इस करारी शिकस्त के बाद भारतीय टीम का नेट रन रेट (NNR) -3.80 हो गया है, जबकि साउथ अफ्रीका का +3.80 है. हालांकि वेस्टइंडीज ने भी जिम्बाब्वे को 107 रनों से हराकर अपना नेट रन रेट +5.350 कर लिया है. अब टीम इंडिया का अगला मैच जिम्बाब्वे से है. सुपर राउंड के बाद अगर भारत, साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज के 4-4 पॉइंट होते हैं, तो सेमीफाइलिस्ट का फैसला नेट रन रेट से ही होगा. ऐसे में टीम इंडिया को जिम्बाब्वे के खिलाफ बड़ी जीत हासिल करके अपना नेट रन रेट प्लस में लाना होगा.टीम इंडिया अगर पहले बल्लेबाजी करे, तो क्या करना होगा?भारत और जिम्बाब्वे के बीच सुपर-8 मुकाबला गुरुवार यानी 26 फरवरी को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा. टीम इंडिया को अपने पहले सुपर-8 मुकाबले में साउथ अफ्रीका के हाथों 76 रनों की बड़ी हार मिली थी. जिम्बाब्वे के खिलाफ अगर भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी करती है, तो उसे 77 या उससे ज्यादा रन से जीत हासिल करनी होगी, तब जाकर भारत का नेट रन रेट प्लस में आएगा. इसके लिए टीम इंडिया को जिम्बाब्वे के खिलाफ बड़ा स्कोर बनाना पड़ेगा और जिम्बाब्वे की टीम को सस्ते में समेटना पड़ेगा. हालांकि, टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में टीम इंडिया अब तक 18 बार 77 से ज्यादा रनों से जीत चुकी है. भारत अगर रन चेज करता है, तो क्या करना होगा?जिम्बाब्वे के खिलाफ टीम इंडिया के लिए रन चेज में रन रेट को प्लस में करना काफी मुश्किल होगा. पहले बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे ने अगर 150 रन बनाया, तो टीम इंडिया को इसे 13वें ओवर में चेज कर देना होगा. इस स्थिति में नेट रन रेट प्लस में आ जाएगा. अगर जिम्बाब्वे ने 180 रन बना दिया, तो भारत को 14वें ओवर की आखिरी गेंद पर लक्ष्य को चेज करना पड़ेगा, तब भारत का नेट रन रेट प्लस में हो जाएगा.