कुछ रिश्ते समय से नहीं, यादों से चलते हैं. प्यार अगर सच्चा हो, तो वो इंसान के जाने के बाद भी जिंदा रहता है. दिवंगत अभिनेता इरफान खान की पत्नी और लेखिका सुतापा सिकदार ने अपनी शादी की सालगिरह पर कुछ ऐसा ही एहसास शेयर किया, जिसने लोगों को भावुक कर दिया. इस खास दिन पर वो इरफान के होमटाउन टोंक पहुंची और वहां से एक दिल छू लेने वाला कैप्शन लिखा. उनकी बातों में प्यार, अपनापन और एक हल्की सी मुस्कान थी, जो इरफान की यादों से जुड़ी थी.पत्नी सुतापा ने लिखा भावुक नोटसुतापा ने बताया कि 'हमारी शादी की सालगिरह 23 तारीख को थी. ये तारीख इसलिए चुनी थी ताकि ये मेरे जन्मदिन के साथ ही रहे और इरफान को याद रहे, क्योंकि उन्हें तारीखें बिल्कुल याद नहीं रहती थीं. देर से ही सही, शादी की सालगिरह मुबारक हो इरफान. तुम चाहते थे कि जब हमारी शादी को 25 साल पूरे हो जाएं, तो हम दोबारा शादी करें. इस बार वो सब करें जो हमारी सादी-सी शादी में नहीं हो पाया था, पूरी रस्मों और खुशियों के साथ. लेकिन शायद किस्मत को कुछ और ही मंजूर था और हम दोबारा शादी नहीं कर पाए. यहां रमजान चल रहा है. मुझे लगता है ऊपर अम्मी तुम्हें कह रही होंगी रोजा रखा करो इरफान. शायद तुम्हें ठीक से समझाने के लिए ही उन्होंने तुम्हें रमजान में अपने पास बुला लिया. शादी और रमजान मुबारक. मैं तुम्हारे शहर टोंक गई और वहां अपना खास दिन मनाया. 'डी-डे' शब्द सुनकर आज भी तुम्हारी हंसी कानों में गूंजती है.' सुतापा के इस भावुक नोट पर फैंस ने भी खूब प्यार बरसाया. View this post on Instagram A post shared by Sutapa Sikdar (@sikdarsutapa)साल 2020 में हुआ निधन बता दें, इरफान और सुतापा की मुलाकात नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा में हुई थी. वहीं से उनकी दोस्ती शुरू हुई, फिर ये दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई और दोनों ने 23 फरवरी 1995 को शादी की. उनके दो बेटे हैं, जिनमें से बाबिल खान अब फिल्म इंडस्ट्री में अपनी पहचान बना रहे हैं. साल 2018 में इरफान को न्यूरोएंडोक्राइन ट्यूमर नाम की गंभीर बीमारी का पता चला. इलाज के लिए वो लंदन गए. बाद में वो भारत लौटे और अपनी आखिरी फिल्म अंग्रेजी मीडियम पूरी की. अप्रैल 2020 में उनकी तबीयत अचानक बिगड़ी और अस्पताल में उनका निधन हो गया. उनके जाने से फिल्म इंडस्ट्री ही नहीं, करोड़ों चाहने वालों का दिल टूट गया.