तिहाड़ और आर्थर रोड जेल से रची गई रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग की साजिश, मुंबई क्राइम ब्रांच का बड़ा खुलासा

Wait 5 sec.

मशहूर बॉलीवुड फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच की पूछताछ में बेहद चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं. जांच में ये बात सामने आई है कि देश की दो सबसे सुरक्षित मानी जाने वाली जेलों दिल्ली की तिहाड़ और मुंबई की आर्थर रोड जेल से इस पूरी वारदात का को-ऑर्डिनेशन किया गया था. हरियाणा और उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किए गए आरोपियों ने पुलिस को बताया कि इस साजिश के तार लॉरेंस बिश्नोई गैंग के गुर्गों से जुड़े हुए हैं.पुलिस के मुताबिक, रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग करने की मुख्य जिम्मेदारी 'आगरा मॉड्यूल' को दी गई थी. इस मॉड्यूल में शूटर दीपक चंद्रा मुख्य भूमिका में था. जांच में खुलासा हुआ कि दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद लॉरेंस गैंग के सदस्य गोलू पंडित ने इस पूरे मॉड्यूल का कोऑर्डिनेशन किया था. गोलू पंडित और शुभम लोनकर के बीच पुराना परिचय था, जिसके चलते शुभम ने गोलू को फायरिंग के लिए नए लड़कों की भर्ती करने का काम सौंपा था.शूटरों की भर्ती की प्रक्रिया काफी सोची-समझी थी. तिहाड़ में बंद गोलू पंडित ने विष्णु कुशवाहा नाम के शख्स से संपर्क किया, जिसने आगे चलकर शूटर दीपक और अन्य लड़कों को इस अपराध के लिए तैयार किया. बाद में शुभम लोनकर और आरजू बिश्नोई सीधे दीपक और उसके साथियों के संपर्क में आए और उन्हें काम के बदले मोटी रकम देने का लालच दिया गया. हैरानी की बात ये है कि शूटरों की गिरफ्तारी से कुछ दिन पहले ही गोलू पंडित जमानत पर रिहा हो गया, जिसकी तलाश में अब मुंबई पुलिस जुटी है.वहीं, इस वारदात के लिए गाड़ी और हथियार मुहैया कराने का काम 'पुणे मॉड्यूल' को सौंपा गया था. पुलिस की जांच में सामने आया है कि इस मॉड्यूल का संचालन शुभम लोनकर का भाई प्रवीण लोनकर कर रहा था. प्रवीण लोनकर फिलहाल मुंबई की आर्थर रोड जेल में बंद है और उस पर एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या का भी आरोप है. जेल के भीतर से ही प्रवीण इस पूरे लॉजिस्टिक्स को हैंडल कर रहा था.अब मुंबई पुलिस इस मामले की तह तक जाने के लिए प्रवीण लोनकर की रिमांड लेने की तैयारी कर रही है. पुलिस को उम्मीद है कि प्रवीण से पूछताछ में इस साजिश के और भी गहरे राज खुल सकते हैं. ये मामला साफ तौर पर दर्शाता है कि जेल की सलाखों के पीछे बैठकर किस तरह से अपराधी बॉलीवुड की बड़ी हस्तियों को निशाना बनाने की साजिशें रच रहे हैं.