सेमीफाइनल में नहीं पहुंचा पाकिस्तान तो बाबर आजम का लास्ट मैच, सलमान आगा से छिनेगी कप्तानी

Wait 5 sec.

पाकिस्तान को आज श्रीलंका के खिलाफ अहम मैच खेलना है. अगर पाकिस्तान की टीम श्रीलंका के खिलाफ एक बड़ी जीत दर्ज नहीं करती है तो फिर वो सेमीफाइनल में नहीं पहुंच पाएगी. दरअसल, न्यूजीलैंड का नेट रन रेट +1.390 का है. वहीं पाकिस्तान का -0.461 है. ऐसे में सेमीफाइनल के टिकट के लिए पाक टीम को श्रीलंका के खिलाफ आज या तो 13.1 ओवर में टारगेट चेज करना होगा या फिर 65 रनों से जीत दर्ज करनी होगी. इस अहम मुकाबले से पहले एक हैरान करने वाली रिपोर्ट सामने आई है. रिपोर्ट के मुताबिक, अगर पाकिस्तान की टीम सेमीफाइनल में नहीं पहुंचती है तो फिर ये बाबर आजम का लास्ट टी20 मैच होगा. वहीं सलमान आगा से कप्तानी छीन ली जाएगी. रिपोर्ट में कहा गया है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के एक विश्वसनीय सूत्र के अनुसार अध्यक्ष मोहसिन नकवी 2026 टी20 वर्ल्ड कप में पाक टीम के प्रदर्शन से खुश नहीं हैं. रिपोर्ट में सूत्र के हवाले से कहा गया है, "मोहसिन नकवी बिल्कुल भी खुश नहीं हैं, क्योंकि इस बार उन्हें चयनकर्ताओं, टीम प्रबंधन और बोर्ड में उनके करीबी सहयोगियों ने भरोसा दिलाया था कि टीम विश्व कप में अच्छा प्रदर्शन करेगी."सूत्र के मुताबिक, मोहसिन नकवी ने सलमान अली आगा को टी20 कप्तानी से हटाने का मन बना लिया है. इसके साथ ही वह मुख्य कोच माइक हेसन और चयनकर्ताओं के साथ कुछ खिलाड़ियों के भविष्य को लेकर स्पष्ट चर्चा करेंगे. सूत्र ने कहा, “सलमान आगा के अलावा बाबर आजम, उस्मान खान और कुछ अन्य खिलाड़ियों के टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर पर भी विश्व कप के बाद विराम लग सकता है.”पाकिस्तान की टी20 टीम की कमान शादाब खान या शाहीन अफरीदी को सौंपी जा सकती है. कप्तानी की दौड़ में शादाब खान और शाहीन शाह अफरीदी के नामों पर विचार किया जा रहा है. हालांकि, अभी दोनों में से किसी एक के नाम पर मुहर नहीं लगी है. सूत्र ने यह भी बताया कि विश्व कप से पहले ही हेसन ने नकवी को संकेत दे दिया था कि टूर्नामेंट के बाद पाकिस्तान को कुछ युवा खिलाड़ियों को टीम में शामिल कर उन्हें स्थापित करना होगा और आधुनिक टी20 क्रिकेट की आवश्यकताओं के अनुरूप आगे बढ़ना होगा. टी20 इंटरनेशनल में 145 मैचों का अनुभव रखने वाले बाबर आजम के बारे में भी कयास लगाए जा रहे हैं कि पाकिस्तान की टीम अगर सेमीफाइनल में पहुंचने में नाकाम रही तो श्रीलंका के खिलाफ सुपर आठ चरण का मैच उनके करियर का आखिरी टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच साबित होगा.