सुनेत्रा पवार NCP की राष्ट्रीय अध्यक्ष बनीं:अजित पवार की मौत के बाद डिप्टी CM पद संभाला; उनकी राज्यसभा सीट पर बेटे पार्थ लड़ेंगे चुनाव

Wait 5 sec.

महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार को गुरुवार को सर्वसम्मति से सत्तारूढ़ नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (NCP) का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया। NCP के कार्याध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल ने मुंबई में हुई पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के बाद यह घोषणा की। उन्होंने बताया कि सुनेत्रा पवार के इस्तीफे से खाली हुई राज्यसभा सीट के लिए पार्थ पवार को नामित किया जाएगा। पार्थ अजित पवार और सुनेत्रा के बड़े बेटे हैं। अजित पवार की 28 जनवरी को बारामती में प्लेन क्रैश में निधन हो गया था। वह पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और महाराष्ट्र के डिप्टी CM थे। उनकी मौत के तीसरे दिन, 31 जनवरी को सुनेत्रा पवार को उपमुख्यमंत्री बनाया गया, जिसके चलते उन्होंने राज्यसभा सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। सुनेत्रा पवार जून 2024 में लोकसभा चुनाव में हार के बाद NCP की ओर से राज्यसभा सदस्य निर्विरोध चुनी गई थीं। NCP महाराष्ट्र सरकार में महायुति गठबंधन का हिस्सा है। इसमें भाजपा और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना भी शामिल है। महाराष्ट्र की 7 राज्यसभा सीटों पर 16 मार्च को चुनाव महाराष्ट्र में 7 राज्यसभा सीटों के लिए 16 मार्च 2026 को चुनाव होंगे। चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 5 मार्च 2026 है। उसके बाद नामों की जांच 6 मार्च और नाम वापसी 9 मार्च तक हो सकती है।